National Space Day 2024
पूरा देश आज अपना पहला राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस (National Space Day) मना रहा है। आज से ठीक एक साल पहले यानी 2023 में 23 अगस्त को ही चंद्रयान-3 के जरिए भारत ने चंद्रमा पर सॉफ्ट लैंडिंग कर इतिहास रच दिया था। आज के ही ऐतिहासिक दिन चंद्रयान-3 मिशन ने पूरी दुनिया में भारत का डंका बजा दिया था। उसी की याद में देश में पहला वर्षगांठ मनाया जा रहा है। लैंडर विक्रम और रोवर प्रज्ञान के चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सॉफ्ट लैंडिंग करते ही भारत ऐसा करने वाला दुनिया चौथा देश बन गया था।

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने चंद्रयान-3 को 14 जुलाई 2023 को लॉन्च किया था, जिसकी सफलता के बाद 23 अगस्त को आधिकारिक रूप से नेशनल स्पेस डे घोषित किया गया। वही आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दिल्ली में आयोजित होने वाले खास कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगी। पूरे देश में इस दिन को त्योहार की तरह मनाया जा रहा है। स्कूलों-कॉलेजों में भी कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
National Space Day 2024
देश के अंतरिक्ष मिशनों की शानदार उपलब्धियों को उजागर करने के लिए 23 अगस्त को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के रूप में घोषित किया था। इसकी घोषणा चंद्रयान-3 मिशन की उल्लेखनीय सफलता का सम्मान करने के उद्देश्य से भी की गई थी, जिसने ‘शिव शक्ति’ बिंदु पर विक्रम लैंडर की सुरक्षित और सॉफ्ट लैंडिंग की और 23 अगस्त, 2023 को चंद्र सतह पर प्रज्ञान रोवर को तैनात किया। अंतरिक्ष के क्षेत्र में यह भारत के वैज्ञानिकों की बड़ी सफलताओं में से एक है।

इस वर्ष की थीम
पहला नेशनल स्पेस डे को पूरे देश में एक खास थीम के साथ मनाया जा रहा है। साल 2024 के लिए राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के लिए थीम रखा गया है। चंद्रमा को छूते हुए जीवन को छूना: भारत की अंतरिक्ष गाथा (Touching Lives while Touching the Moon: India’s Space Saga), इसी थीम के साथ पूरे देश में आज कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसका अर्थ है भारत की अंतरिक्ष गाथा, चांद की सतह को छूते हुए जीवन को छूना।


