Mauritius Lowers Flag In Honor Of Manmohan Singh
भारत के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पंचतत्व में विलीन हो गए। शनिवार को दिल्ली के निगम बोध घाट पर राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक और मॉरीशस के विदेश मंत्री मनीष गोबिन भी पूर्व पीएम को श्रद्धांजलि देने निगम बोध घाट पहुंचे थे।
वहीं मॉरीशस ने भी भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर उनके सम्मान में अपने देश का अपने सभी सरकारी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रखने का निर्णय लिया। मॉरीशस प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, यह सम्मान शनिवार, 28 दिसंबर, डॉ. मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार के दिन सूर्यास्त तक रखा गया। एक नोट में मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीन रामगुलाम के कार्यालय ने भी प्राइवेट सेक्टर से झंडे को आधे झुकाए रखने का आग्रह किया।
भारत में आर्थिक सुधारों के जनक कहे जाने वाले पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का 26 दिसंबर को निधन हो गया था। उनकी उम्र 92 वर्ष थी। मनमोहन सिंह ने देश के वित्त मंत्री के तौर पर भी काम किया था। प्रधानमंत्री के रूप में सिंह के कार्यकाल के दौरान मॉरीशस समेत कई प्रमुख देशों के साथ भारत के संबंध अच्छे हुए थे।