Maihar Bus Accident : MP के मैहर में दर्दनाक सड़क हादसा, खड़े हाइवा में घुसी तेज़ रफ्तार बस, 9 की मौत, 24 घायल

Maihar Bus Accident : MP के मैहर में दर्दनाक सड़क हादसा, खड़े हाइवा में घुसी तेज़ रफ्तार बस, 9 की मौत, 24 घायल

Maihar Bus Accident

“मध्य प्रदेश के मैहर जिले में बीती रात करीब 11 बजे जिला मुख्यालय से लगभग 25 किलोमीटर दूर नादान देहात पुलिस स्टेशन के पास देर रात दर्दनाक सड़क हादसा में 9 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 23 से ज्यादा यात्री घायल हो गए हैं। यात्रियों से भरी तेज रफ्तार बस हाईवा से टकरा गई।”

मैहर। मध्यप्रदेश के मैहर जिले में विगत रात्रि प्रयागराज से नागपुर जा रही लग्जरी यात्री बस सड़क किनारे खड़े हाइवा से टकरा गई, इस दर्दनाक हादसे में 9 यात्रियों की मौत हो गई है। वहीं 24 लोग घायल हैं। घायलों को उपचार के लिए मैहर अमरपाटन और सतना जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों में 4 साल का बच्चा भी शामिल है।

मिली जानकारी के मुताबिक नेशनल हाईवे-30 पर शनिवार रात करीब साढ़े 11 बजे आभा ट्रैवल्स की स्लीपर कोच बस (UP72 AT 4952) प्रयागराज से रीवा होते हुए नागपुर जा रही थी। बस काफी रफ्तार में थी। इसी दौरान चौरसिया ढाबा के पास सड़क किनारे खड़े हाइवा (CG04 NB 6786) से जा टकराई। 53 सीटर बस में 45 यात्री सवार थे।

Maihar Bus Accident

सूचना मिलते ही नादन और मैहर पुलिस के साथ ही एसडीएम विकास सिंह, तहसीलदार जितेंद्र पटेल और एसपी सुधीर कुमार अग्रवाल मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू शुरू किया। घायलों को तत्काल सतना जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा चपक गया था। कई यात्री बस के अंदर ही फंस गए थे। जेसीबी और गैस कटर से बस बस की बॉडी काटकर यात्रियों को बाहर निकाला गया। रात करीब 2 बजे रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा हुआ।

मृतकों के नाम
  • लल्लू यादव पिता राम अवतार यादव (60) प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश
  • राजू उर्फ प्रांजल पिता जितेंद्र (18) जौनपुर, उत्तर प्रदेश
  • अम्बिका प्रसाद पिता मोतीलाल (55) जौनपुर, उत्तर प्रदेश
  • गणेश साहू पिता अजय कुमार साहू (2) नागपुर, महाराष्ट्र
  • पांच मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है।

Maihar Bus Accident

घायल यात्रियों के नाम
  • अजय कुमार गुप्ता पिता उमेश कुमार गुप्ता (21) गढ़, रीवा
  • प्रवीण रामकुमार श्रीवास, नागपुर, महाराष्ट्र
  • प्रमोद रामकुमार श्रीवास, नागपुर, महाराष्ट्र
  • अब्दुल रकीब, प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश
  • सुफियान, प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश
  • सरिता यादव पति प्रदीप कुमार यादव (32) बदलापुर, महाराष्ट्र
  • नगीना साहू पति उमाशंकर साहू (45) बीबीपुर, उत्तर प्रदेश
  • शिवशंकर पिता गया प्रसाद (27) इलाहाबाद, उत्तर प्रदेश
  • रेखा गुप्ता पति संतोष गुप्ता (40) जौनपुर, उत्तर प्रदेश
  • प्रियांशी गुप्ता पिता संतोष गुप्ता (7) संभलगंज, उत्तर प्रदेश
  • कन्हैया लाल पिता रामदेव (65) जौनपुर, उत्तर प्रदेश
  • अजय कुमार साहू, जौनपुर, उत्तर प्रदेश
  • गीता साहू पत्नी अजय कुमार साहूहू, जौनपुर, उत्तर प्रदेश
  • आरवी पिता अजय कुमार साहू (5) जौनपुर, उत्तर प्रदेश
  • आरुषि पिता अजय कुमार साहू (7) जौनपुर, उत्तर प्रदेश
  • फिलहाल बाकी घायलों की पहचान नहीं हो पाई है।

Maihar Bus Accident

सीएम मोहन यादव ने जताया दुख

मैहर में हुए हादसे को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दुख प्रकट करते हुए अपने सोशल मीडिया X पर लिखा मध्य प्रदेश के मैहर जिले में ट्रक व उत्तरप्रदेश की यात्री बस के बीच भीषण टक्कर होने से 10 यात्रियों के असमय काल कवलित होने का समाचार अत्यंत ही दु:खद एवं हृदय विदारक है।

बाबा महाकाल से दिवंगतों की पुण्यात्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं. दुःख की इस घड़ी में हम सभी शोकाकुल परिवारों के साथ हैं। घायलों के समुचित इलाज के लिए जिला प्रशासन को निर्देशित किया है एवं मृतकों के परिजनों को नियमानुसार शासन की ओर से आर्थिक सहायता की जायेगी।

Breaking News National News and Politics