JD Vance Agra Visit
आगरा। भारत दौरे पर आए अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेम्स डेविड वेंस बुधवार को अपने परिवार सहित आगरा पहुंचे। उनका स्वागत खुद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खेरिया एयरफोर्स स्टेशन पर किया। वेंस अपने परिवार पत्नी उषा, बेटों विवेक, इवान और बेटी मीराबेल के साथ ताजमहल का दीदार करने आए हैं।
वेंस सुबह 9:15 बजे विशेष विमान से आगरा पहुंचे। यहां से वो राष्ट्रपति स्तर की सुरक्षा से लैस कार ‘द बीस्ट’ में सवार होकर होटल आईटीसी मुगल गए, जहां थोड़ी देर विश्राम के बाद वे ताजमहल पहुंचे।
ताजमहल में आम पर्यटकों की एंट्री बंद
उनके दौरे के मद्देनज़र दोपहर 12 बजे तक ताजमहल में आम पर्यटकों की एंट्री प्रतिबंधित कर दी गई थी। वेंस परिवार के लिए ताज परिसर में ASI और CISF की विशेष देखरेख में सुरक्षा इंतज़ाम किए गए।
JD Vance Agra Visit
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों पर पड़ी आतंकी हमले की छाया
इस विशेष मौके पर शहर के 15 स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की योजना थी, जिसमें भारतीय लोककला, मयूर नृत्य और राधा-कृष्ण की झांकियां शामिल थीं। लेकिन जम्मू के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के चलते केंद्र सरकार के संस्कृति मंत्रालय ने सभी सांस्कृतिक कार्यक्रम रद्द कर दिए।
स्वागत में लगे 5000 स्कूली बच्चे
वेंस के काफिले के मार्ग में 5000 स्कूली बच्चों ने भारत और अमेरिका के झंडे हाथ में लेकर उनका स्वागत किया। खेरिया एयरपोर्ट से लेकर ताजमहल तक का 12 किमी का रास्ता बॉल पेंटिंग और फूलों से सजाया गया था।
JD Vance Agra Visit
ताजमहल में परिवार संग बिताया समय
ताजमहल में वेंस और उनका परिवार करीब एक घंटे तक रहे, इस दौरान उन्होंने गाइड से शाहजहां और मुमताज की प्रेम कहानी जानी। वेंस अपनी बेटी मीराबेल को गोद में उठाए ताजमहल की सुंदरता को निहारते नज़र आए।
सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम
पूरे दौरे के दौरान डीसीपी स्तर के अधिकारी निगरानी में तैनात रहे। एयरपोर्ट, होटल और ताजमहल पर विशेष सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी।

