Jammu Kashmir Akhnoor IED Blasts
जम्मू। जम्मू जिले के खौर थाना क्षेत्र के केरी बट्टल इलाके में नियंत्रण रेखा (LOC) के पास हुए एक आईईडी विस्फोट में भारतीय सेना के दो जवान शहीद हो गए, जबकि एक सैनिक गंभीर रूप से घायल हुआ है। यह दुखद घटना मंगलवार दोपहर करीब 3:30 बजे उस समय हुई, जब सेना की एक टुकड़ी नियमित गश्त पर थी।
घायल सैनिकों को तुरंत नजदीकी सेना अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार के दौरान दो जवानों ने दम तोड़ दिया। सेना के अधिकारियों ने बताया कि घटना के तुरंत बाद अतिरिक्त सैनिकों को मौके पर भेजा गया और घायल जवानों को प्राथमिकता के आधार पर अस्पताल पहुंचाया गया।
आतंकियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन तेज
प्रारंभिक जांच से पता चला है कि यह विस्फोट इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) के कारण हुआ था, जिसमें आतंकवादियों के हाथ होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद सेना ने पूरे इलाके को घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। सेना की व्हाइट नाइट कोर ने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की है और आतंकियों की तलाश के लिए अभियान तेज कर दिया गया है।
Jammu Kashmir Akhnoor IED Blasts
पिछले दिन मिला था मोर्टार शेल
इस घटना से एक दिन पहले सोमवार को अखनूर सेक्टर में ही एक मोर्टार शेल मिला था, जिसे बम निरोधक दस्ते ने सुरक्षित रूप से निष्क्रिय किया था। पुलिस अधिकारियों ने जानकारी दी कि यह मोर्टार शेल प्रताप नहर के पास नामंदर गांव में सुबह करीब 10 बजे स्थानीय लोगों द्वारा देखा गया था। सूचना मिलने पर पुलिस और बम निरोधक दल मौके पर पहुंचा और विस्फोटक को निष्क्रिय कर दिया गया।
राजौरी में भी तनावपूर्ण स्थिति
इस बीच, राजौरी जिले के नौशेरा सेक्टर के कलाल इलाके में नियंत्रण रेखा (LOC) के पास गोलीबारी की एक और घटना सामने आई है। इस गोलीबारी में एक जवान गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे उपचार के लिए सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह गोलीबारी मंगलवार दोपहर करीब 2:40 बजे हुई थी, जब जवान अग्रिम चौकी पर ड्यूटी पर तैनात था।
जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा के आसपास लगातार बढ़ती घटनाएं सुरक्षा एजेंसियों के लिए चुनौती बनी हुई हैं। सेना और पुलिस अधिकारियों ने पूरे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है और किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। पूरे इलाके में तलाशी अभियान जारी है और अधिकारियों ने स्थानीय निवासियों से सतर्क रहने की अपील की है।