Helena Luke Passsed Away
अमेरिका। दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित दिग्गज बॉलीवुड अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती की पहली पत्नी हेलेना ल्यूक का अमेरिका में निधन हो गया है। इस खबर की पुष्टि अभिनेत्री कल्पना अय्यर ने की है। निधन से एक दिन पहले हेलेना ने भी एक पोस्ट में बताया था कि सही समय में मेडिकल हेल्प न लेने के कारण उनकी स्थिति बिगड़ गई है।
बता दें कि हेलेना ने बॉलीवुड फिल्मों में भी काम किया। हालांकि, बाद में वे अमेरिका शिफ्ट हो गईं और वहां उन्होंने डेल्टा एयरलाइंस में नौकरी भी की। आखिरी सांसे भी हेलेना ने अमेरिका में ली हैं। दोनों के विवाह की बात करें तो मिथुन चक्रवर्ती की वह पहली पत्नी थीं। दोनों ने 1979 में गुपचुप ढंग से शादी की थी।
Helena Luke Passsed Away
दोनों की शादी सिर्फ चार महीने ही टिक पाई। बता दें कि हेलेना ल्यूक ने अमिताभ बच्चन की फिल्म ‘मर्द’ में एक अंग्रेजन ‘लेडी हेलेना’ का महत्वपूर्ण किरदार निभाया था। इसके अलावा, उन्होंने बॉलीवुड की ‘आओ प्यार करें’, ‘दो गुलाब’, और ‘साथ साथ’ जैसी फिल्मों में भी काम किया था। एक्ट्रेस सारिका से ब्रेकअप होने के बाद मिथुन चक्रवर्ती की मुलाकात मॉडल-एक्ट्रेस हेलेना ल्यूक से हुई थी।
दोनों को पहली नजर में प्यार हुआ और उन्होंने शादी भी रचा ली। शादी के 4 महीने बाद ही हेलेना ने तलाक ले लिया और मिथुन ने इसके बाद योगिता बाली से शादी कर ली। बता दें कि हेलेना भारतीय अमेरिकी अभिनेत्री थीं। 70 के दशक में हेलेना फैशन वर्ल्ड का जाना-माना नाम थीं। हेलेना का जन्म 1958 में हुआ। हेलेना के पिता तुर्की और मां एंग्लो इंडियन ईसाई थीं। उन्होंने बॉलीवुड फिल्मों के साथ-साथ गुजराती थिएटर में काफी काम किया।