Ghazipur Landfill Site Fire
नई दिल्ली। गाजीपुर लैंडफिल साइट पर रविवार की शाम आग लग गई। आग अभी तक नहीं बुझाई जा सकी है। आग लगने के बाद आसपास के क्षेत्र में चारों तरफ धुआं फैल गया है जिससे यहां रहने वाले लोगों को सांस लेने में काफी दिक्कतें हो रही है। आसमान में धुआं ही धुआं का गुबार छाया है।अभी भी आग बुझाने के प्रयास किए जा रहे हैं। दिल्ली फायर सर्विस SO नरेश कुमार ने बताया कि आग लैंडफिल में पैदा हुई गैस के कारण लगी थी। इसमें अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
आग लगने का कारण
खबरों से मिली जानकारी के अनुसार रविवार शाम 5:22 बजे के करीब गाजीपुर लैंडफिल साइट में आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड की दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की चार गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। लैंडफिल साइट के जिस हिस्से में आग लगी थी, वहां से दमकल की गाड़ियों को आग तक पानी पहुंचाने में काफी दिक्कत हो रही थी।
एमसीडी के एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि आमतौर पर गर्मी बढ़ने की वजह से लैंडफिल साइट पर आग लगने की घटनाएं होती है, लेकिन कई बार कुछ असामाजिक तत्व भी आग लगा देते हैं। मिली जानकारी के मुताबिक अभी तक इस आग पर काबू नहीं पाया जा सका है।
दमकल की करीब 10 गाड़ियां मौके पर आग बुझाने के काम कर रही है। अधिकारी ने बताया कि लैंडफिल पर पड़े कूड़े से गैस निकलती रहती है। इस वजह से यहां तेजी से आग फैलती है।
बता दें कि दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने 2022 के एमसीडी चुनाव में वादा किया था कि 31 दिसंबर, 2023 के पहले इस लैंडफिल साइट को खाली करा लिया जाएगा। हालांकि, कचरा हटाने के बजाय यहां और अधिक कचरा डाल दिया गया।
बताया जा रहा है कि साल 2019 में गाजीपुर लैंडफिल साइट की ऊंचाई 65 मीटर थी, जो कुतुब मीनार से केवल आठ मीटर कम थी। अब इसकी ऊंचाई और ज्यादा हो गई है।