FOOD POISONING IN UNNAO
उन्नाव। उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के आसीवन थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव में एक शादी समारोह में खीर खाने से लगभग 100 लोगों की तबीयत खराब हो गई। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार शाम को सफीपुर के उनवा गांव से बारात आई थी।
जैसे ही बारातियों ने खीर खाई जिसके बाद कई लोगों को पेट दर्द, उल्टी, दस्त लग गए। जिसके बाद सभी पीड़ितों को उपचार के लिए अस्पतालों में भर्ती कराया गया। रसूलपुर गांव निवासी पूर्व प्रधान अबरार की बेटी का शादी समारोह में खाना खाने के बाद लोगों की हालत बिगड़ी।।
गांव वालों के मुताबिक, शादी में खीर खाते ही एक के बाद एक मेहमान बीमार होने लगे। करीब 80 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया, लेकिन 20 की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया।
वहीं डॉक्टरों ने फूड प्वाइजनिंग की आशंका जताई है। उनका मानना है कि खीर में इस्तेमाल किया गया खोया फूड प्वाइजनिंग का कारण हो सकता है। हालांकि, इस बारे में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है और जांच जारी है।