ED Notice to Mahesh Babu
हैदराबाद। दक्षिण भारतीय सिनेमा के सुपरस्टार महेश बाबू एक बड़े रियल एस्टेट धोखाधड़ी मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच के दायरे में आ गए हैं। ईडी ने मंगलवार को उन्हें समन जारी कर 27 अप्रैल को पेश होने के लिए कहा है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, महेश बाबू हैदराबाद की दो रियल एस्टेट कंपनियों – सुराना ग्रुप और साई सूर्या डेवलपर्स – के ब्रांड एंबेसडर रह चुके हैं। इन कंपनियों पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का आरोप है। हाल ही में ईडी ने इन कंपनियों के कई ठिकानों पर छापेमारी की थी, जिसमें कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए और उन्हें जब्त भी कर लिया गया।
ईडी को शक है कि इन कंपनियों ने ब्रांडिंग और प्रचार के नाम पर निवेशकों से पैसे लेकर उन्हें ठगा है। अब एजेंसी यह जांच कर रही है कि महेश बाबू की इन कंपनियों के साथ क्या भूमिका रही, और क्या वह इस घोटाले के बारे में पहले से जानते थे। फिलहाल महेश बाबू की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

