Chhattisgarh Police
रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस के लिए यह एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण पल है, जब उन्हें ‘राष्ट्रपति का पुलिस ध्वज’ सम्मान मिला है। बता दें कि यह विशेष ध्वज देश के चुनिंदा राज्यों की पुलिस इकाइयों को दिया जाता है। जो 25 सालों की अनुकरणीय सेवा और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है। छत्तीसगढ़ पुलिस ने नक्सल मोर्चे पर साहस और दृढ़ता के साथ कठिन चुनौतियों का सामना करते हुए यह सम्मान अर्जित किया है, जो उनकी उत्कृष्ट सेवा का प्रमाण है।
छत्तीसगढ़ सरकार ने 16 फरवरी 2018 को गृह विभाग के माध्यम से यह प्रस्ताव भेजा था, जिसे अब जाके स्वीकृति मिली है। इस सम्मान के साथ, पुलिस बल के जवान इस ध्वज की प्रतिकृति को अपनी वर्दी पर प्रतीक चिन्ह के रूप में धारण करेंगे, जो उनके शौर्य और सेवा का प्रतीक होगा।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ पुलिस को “भारत के राष्ट्रपति का पुलिस कलर्स” प्रदान करने की स्वीकृति पर खुशी जताई है।
इसके साथ ही उन्होंने राष्ट्रपति का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह सम्मान छत्तीसगढ़ पुलिस की माओवाद, कानून-व्यवस्था और आंतरिक सुरक्षा में उत्कृष्ट सेवा और साहस का प्रतीक है। इससे पुलिस बल का मनोबल बढ़ेगा और वे राज्य की सुरक्षा के लिए और भी बेहतर कार्य करेंगे।
क्या होता है राष्ट्रपति का पुलिस कलर्स?
अधिकारियों के अनुसार, राष्ट्रपति का कलर्स एक विशेष ध्वज है, जिसे किसी पुलिस, सैन्य या अर्धसैनिक बल को उनकी सेवाओं के लिए मान्यता के रूप में दिया जाता है। यह पुरस्कार उन सशस्त्र बलों को प्रदान किया जाता है जिन्होंने देश के लिए असाधारण सेवा की है। पुलिस को यह पुरस्कार 25 सालों की निरंतर सेवा और उसके समर्पण की समीक्षा के बाद दिया जाता है। 2023 में यह पुरस्कार हरियाणा पुलिस को मिला था।
READ MORE – KORBA SECL NEWS : SECL कुसमुंडा खदान में ड्यूटी पर तैनात जवान ने खुद को मारी गोली, क्षेत्र में फैली सनसनी