AB News

CG Nikay Chunav 2025 : छत्तीसगढ़ के नगरीय निकाय चुनाव के लिए मतदान दल रवाना, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

CG Nikay Chunav 2025

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव के लिए तैयारियां अपने अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। सोमवार, 11 फरवरी को होने वाले मतदान के लिए आज रायपुर के सेजबहार स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज से मतदान दलों को मतदान सामग्री और ईवीएम मशीनों के साथ कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रवाना किया गया।

read more – Khandwa Railway Station : सतर्कता से टला बड़ा हादसा, 147 किलोमीटर तक गलत रूट पर दौड़ी मालगाड़ी, बड़ी दुर्घटना टलने से राहत

रायपुर नगर निगम के सभी 10 जोन और 70 वार्डों के लिए मतदान दलों को आवश्यक सामग्री का वितरण किया गया। वहीं महापौर पद के लिए कांग्रेस की दीप्ति प्रमोद शर्मा और भाजपा की मीनल चौबे के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है।

बता दें कि प्रदेश भर में चुनावी गहमागहमी चरम पर है। भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर देखने को मिल रही है। सुरक्षा के व्यापक इंतजाम और प्रशासन की सतर्कता के बीच अब प्रदेश की जनता अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र के इस महोत्सव में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेगी।

CG Nikay Chunav 2025

बिलासपुर में भी जोरदार मुकाबला

वहीं न्यायधानी बिलासपुर नगर निगम के लिए भी मतदान दलों को सामग्री का वितरण किया गया है। यहां महापौर पद के लिए भाजपा की पूजा विधानी और कांग्रेस के प्रमोद नायक के बीच मुकाबला है। यहां नगर निगम क्षेत्र के 70 वार्डों में 509 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं, जहां 5,06,162 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 2,54,771 महिला और 2,51,322 पुरुष मतदाता शामिल हैं।

अंबिकापुर में संवेदनशील मतदान केंद्र

अंबिकापुर नगर निगम के मतदान दलों को पॉलिटेक्निक कॉलेज से चुनावी सामग्री का वितरण कर रवाना किया गया। यहां 1,21,454 मतदाता 48 वार्डों के 143 मतदान केंद्रों पर वोट डालेंगे। इनमें से 8 मतदान केंद्रों को जिला निर्वाचन आयोग ने संवेदनशील घोषित किया है।

CG Nikay Chunav 2025

महासमुंद में व्यापक तैयारियां

महासमुंद जिले के तीन नगर पालिका और तीन नगर पंचायतों के लिए बनाए गए 6 स्ट्रॉन्ग रूम से सुबह 7 बजे से ही मतदान सामग्री का वितरण शुरू हो गया। महासमुंद, बागबाहरा, और सरायपाली नगरपालिका तथा तुमगांव, पिथौरा, और बसना नगर पंचायत के लिए कुल 144 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जिले में कुल 1,03,692 मतदाता हैं, जिनमें 49,408 पुरुष, 54,271 महिला, और 13 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि एक अध्यक्ष और तीन पार्षद पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं।

राजनांदगांव में भी मतदान की तैयारी पूरी

राजनांदगांव जिले में नगर निगम के अलावा डोंगरगढ़ नगर पालिका, छुरिया नगर पंचायत, डोंगरगांव नगर पंचायत, और एलबी नगर नगर पंचायत के लिए भी मतदान होगा। मतदान सामग्री और ईवीएम मशीनें कृषि उपज मंडी समिति के नव निर्मित गोदाम से वितरित की गईं। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के साथ मतदान दलों को मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया।

read more – CG Nikay Chunav : छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय चुनाव से जुड़ी अहम जानकारियाँ, प्रचार थमा, अब मतदान की बारी

Exit mobile version