CG Monsoon Session 2025
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का आगामी मानसून सत्र 14 जुलाई 2025 से शुरू होने जा रहा है, जो पांच दिनों तक चलेगा। यह सत्र राजनीतिक दृष्टि से काफी गर्म और हंगामेदार रहने की उम्मीद है, क्योंकि अब तक विधायकों द्वारा करीब 1000 सवाल लगाए जा चुके हैं। इनमें कानून-व्यवस्था, योजनाओं में भ्रष्टाचार, शासकीय कार्यों में लापरवाही, स्थानीय समस्याएं और योजनाओं की विफलता जैसे मुद्दे प्रमुख हैं।
चौंकाने वाली बात यह है कि केवल विपक्ष ही नहीं, बल्कि सत्ता पक्ष के विधायक भी सरकार से जवाब मांग रहे हैं। इससे स्पष्ट है कि यह सत्र केवल प्रश्नों का नहीं, बल्कि नीतियों और जवाबदेही का भी मंच बनने जा रहा है।
CG Monsoon Session 2025
कांग्रेस का आक्रामक रुख
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि पार्टी इस सत्र में सरकार को घेरने के लिए तैयार है। कांग्रेस विशेष रूप से कानून-व्यवस्था, अवैध रेत खनन, पेड़ों की कटाई और बिलासपुर में पटवारी की आत्महत्या जैसे संवेदनशील मुद्दों को सदन में उठाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध जारी रखेगी।
खरगे के दौरे पर गरमाई राजनीति
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के प्रस्तावित छत्तीसगढ़ दौरे से भी सियासत गर्म है। राज्य के गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि खरगे का छत्तीसगढ़ में स्वागत नहीं किया जाएगा, क्योंकि उन्होंने कथित तौर पर सनातन धर्म का अपमान किया है। इस पर कांग्रेस ने तीखा पलटवार किया है।
CG Monsoon Session 2025
दीपक बैज ने बीजेपी को घेरते हुए कहा कि जब सीएम के मीडिया सलाहकार पंकज झा ने मुख्यमंत्री साय, योगी आदित्यनाथ और यूपी भाजपा अध्यक्ष को ‘ब्रह्मा, विष्णु, महेश’ कहा था, तब भाजपा चुप क्यों रही? उन्होंने भाजपा पर धर्म की राजनीति करने का आरोप लगाया और कहा कि भाजपा जब चाहे तब धर्म की आड़ लेकर जनता को भ्रमित करती है।
छत्तीसगढ़ का यह मानसून सत्र न केवल शासन की नीतियों की परीक्षा की घड़ी होगा, बल्कि यह भी तय करेगा कि सत्ता और विपक्ष आने वाले समय में किस रणनीति से आगे बढ़ेंगे। जवाबदेही, आरोप-प्रत्यारोप और जनमुद्दों पर बहस की यह पांच दिन की यात्रा राज्य की राजनीति को नई दिशा दे सकती है।
read more – India Pakistan Border News : भारत-पाक सीमा पर मिले पाकिस्तानी प्रेमी युगल के शव, सुरक्षा एजेंसियां सतर्क