CG Election 2024
रायपुर। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद से ही लगातार कांग्रेस संगठन में बदलाव की चर्चा जोरों पर है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने भी बहुत जल्द पार्टी संगठन में बदलाव की बात कही। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द संगठन में बदलाव हो सकता है और कुछ नए लोगों को जिम्मेदारी दी जा सकती है।
दीपक बैज ने कहा कि लोकसभा चुनाव को देखते हुए ये जिम्मेदारियां दी जाएंगी, ताकि संगठन में और मजबूती के साथ कसावट आ सके। लोकसभा चुनाव से पहले बदलाव की एक्सरसाइज कर ली जाएगी, ताकि नई ऊर्जा और नई टीम के साथ चुनाव लड़ा जाए।
CG Election 2024
संगठन के फोकस पर वे जिले हैं, जहां से पार्टी को उम्मीद के उलट नतीजे मिले थे। ऐसे में रायपुर शहर-ग्रामीण, दुर्ग, कवर्धा, बलौदाबाजार, महासमुंद, बलरामपुर, कोरिया, सरगुजा, रामानुजगंज, बैकुंठपुर, कोरबा, सक्ती, राजनादगांव ग्रामीण और बिलासपुर समेत ज्यादातर जिलों के अध्यक्ष बदले जा सकते हैं। इन जिलों में कांग्रेस को विधानसभा में हार का सामना करना पड़ा था।
सूत्रों की मानें, तो नई लिस्ट के लिए लगभग नाम तय कर लिए गए हैं। इनमें कई युवा चेहरों को भी शामिल किया गया है। हाईकमान की हरी झंडी मिलते ही सूची जारी की जाएगी। जिला अध्यक्षों के बदलाव के साथ-साथ जो पद खाली हैं, उन पर भी जल्द नियुक्ति होगी।
CG Election 2024
विधानसभा से पहले और बाद में कई नेताओं को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया गया, तो कुछ ने खुद कांग्रेस का हाथ छोड़ दिया है, नई सूची में इन पदों पर भी नियुक्तियां होंगी। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद पर दीपक बैज की नियुक्ति विधानसभा चुनाव के 4 माह पूर्व हुई थी।
इससे पहले PCC की कमान मोहन मरकाम के हाथों में थी। उन्होंने संगठन में अपने अनुसार जिला और ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति की थी। नए अध्यक्ष के आने के बाद जगदलपुर और एक-दो जगहों के जिला अध्यक्षों को बदला गया।
दावेदारों ने छत्तीसगढ़ के सीनियर नेताओं से लेकर दिल्ली तक अपनी दौड़ शुरू कर दी है। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के बाद प्रदेश कांग्रेस में अंतर्कलह उफान पर है, ऐसे में लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी को खड़ा करना बड़ी चुनौती होगी।