Bomb Blast in Hyderabad
हैदराबाद में एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया गया है। आंध्र प्रदेश और तेलंगाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में ISIS से जुड़े दो संदिग्ध आतंकियों सुराज उर्फ रहमान (29) और सईद समीर (28) को गिरफ्तार किया गया है। ये दोनों हैदराबाद में एक बड़े बम धमाके की साजिश रच रहे थे।
तेलंगाना काउंटर इंटेलिजेंस और आंध्र प्रदेश इंटेलिजेंस ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत इस साजिश को विफल किया। एक आरोपी को आंध्र प्रदेश के विजयनगरम से और दूसरे को हैदराबाद से गिरफ्तार किया गया। शुरुआती जांच में रहमान ने समीर का नाम लिया, जिसके आधार पर समीर को हिरासत में लिया गया।
Bomb Blast in Hyderabad
पुलिस को दोनों के पास से बड़ी मात्रा में बम बनाने की सामग्री बरामद हुई है, जिसमें अमोनिया, सल्फर और एल्युमिनियम पाउडर शामिल हैं। ये सभी विस्फोटक बम निर्माण में इस्तेमाल किए जाते हैं। जांच एजेंसियों को शक है कि दोनों आरोपी सऊदी अरब स्थित ISIS मॉड्यूल के संपर्क में थे, जो इन्हें निर्देश दे रहा था।
इससे पहले देश के विभिन्न हिस्सों से 6 अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया था, जिन पर ISIS के लिए जासूसी करने और संवेदनशील सूचनाएं पाकिस्तान भेजने का आरोप है। इनमें यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा का नाम भी शामिल है।
Bomb Blast in Hyderabad
22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद देशभर में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में हैं। हैदराबाद में इस साजिश का पर्दाफाश होने के बाद सभी राज्यों की पुलिस को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और उन्हें जल्द ही अदालत में पेश किया जाएगा। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि देश में आतंकी हमलों की नई लहर की साजिश रची जा रही है, जिसे समय रहते नाकाम करना बेहद जरूरी है।

