Big Action by Ministry of Home Affairs
नई दिल्ली। गृह मंत्रालय (MHA) ने सुरक्षा समीक्षा के बाद 19 पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्रियों की सुरक्षा वापस लेने का आदेश दिया है। दिल्ली पुलिस को दिए गए निर्देश में कहा गया है कि इन मंत्रियों को कार्यकाल खत्म होने के बावजूद सुरक्षा मिली हुई थी, जिसे अब समाप्त किया जा रहा है। यह फैसला दिल्ली पुलिस की सुरक्षा इकाई द्वारा किए गए एक ऑडिट और सिफारिशों के आधार पर लिया गया है।
हालांकि, इस निर्णय में भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को राहत दी गई है। गृह मंत्रालय ने उनकी सुरक्षा छह महीने के लिए और बढ़ा दी है। इसी तरह, पूर्व सेना प्रमुख जनरल वी.के. सिंह और राज्य मंत्री अजय भट्ट की सुरक्षा भी बरकरार रखी गई है।
Big Action by Ministry of Home Affair
जिन 19 नेताओं की सुरक्षा हटाई गई है, उनमें भाजपा के भानु प्रताप सिंह वर्मा, बीरेंद्र सिंह, देवुसिंह चौहान, जसवंत सिंह भाभोर, राजकुमार रंजन सिंह, राम शंकर कठेरिया, रामेश्वर तेली, सुरिंदर जीत सिंह अहलूवालिया, सुदर्शन भगत, वी मुरलीधरन, विजय गोयल, ए नारायणस्वामी, अश्विनी चौबे, डॉ. भागवत कराड, डॉ. भारती प्रवीण पवार, जॉन बारला, महेंद्र नाथ पांडे और डॉ. महेंद्र मुंजापारा शामिल हैं। इसके अलावा लोक जनशक्ति पार्टी के पशुपति कुमार पारस से भी सुरक्षा वापस ली गई है।
सूत्रों के मुताबिक, समीक्षा में सामने आया कि कई पूर्व मंत्री सुरक्षा कवर का लाभ कार्यकाल खत्म होने के बाद भी ले रहे थे और लंबे समय से उनकी समीक्षा नहीं हुई थी। अब सुरक्षा का मूल्यांकन खुफिया एजेंसियों के इनपुट पर आधारित होगा।
नियमों के अनुसार, किसी भी व्यक्ति को सुरक्षा उसी स्थिति में दी जाती है जब उसकी जान को वास्तविक खतरा हो या वह संवैधानिक पद पर हो। गृह मंत्रालय द्वारा यह निर्णय उसी प्रक्रिया का हिस्सा है।