Bharatiya Janata Party
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने लंबे समय से लंबित प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्ति प्रक्रिया को आज से गति देना शुरू कर दिया है। विश्वस्त सूत्रों के अनुसार, पार्टी दो राज्यों—तेलंगाना और आंध्र प्रदेश—के लिए लगभग तय नामों की घोषणा जल्द करने जा रही है।
तेलंगाना से रामचंद्र राव का नाम सबसे आगे चल रहा है। वे ब्राह्मण समुदाय से आते हैं और राज्य में पार्टी को पुनर्गठित करने की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी जा सकती है। वहीं, आंध्र प्रदेश में पार्टी पीवीएन माधव को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंप सकती है। वे ओबीसी वर्ग से आते हैं और राज्य में संगठन को मजबूत करने की दिशा में सक्रिय रहे हैं।
Bharatiya Janata Party
महाराष्ट्र में भी तेजी से हलचल है। प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रक्रिया आज दोपहर 3 बजे से 5 बजे तक होगी। रविंद्र चौहान का नाम इस दौड़ में सबसे मजबूत माना जा रहा है। इसके साथ ही 1 जुलाई शाम 5 बजे तक क्षेत्रीय अध्यक्षों और राष्ट्रीय परिषद सदस्यों की भी घोषणा किए जाने की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश में स्थिति थोड़ी असमंजस भरी है, लेकिन पार्टी के अंदरूनी सूत्रों के मुताबिक डॉ. राजीव बिंदल को फिर से प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की प्रबल संभावना है। हालांकि, कांगड़ा से सांसद राजीव भारद्वाज का नाम भी प्रमुखता से चर्चा में है।
पार्टी का यह कदम आगामी विधानसभा चुनावों और संगठनात्मक मजबूती की दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है। सभी नियुक्तियों पर अंतिम मुहर पार्टी हाईकमान ही लगाएगा।
read more – WEATHER FORECAST : देशभर में सक्रिय हुआ मॉनसून, कई राज्यों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी !!!!!