Bhupesh Baghel in defense of Charan Das Mahant
रायपुर। छत्तीसगढ़ के नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत द्वारा पीएम मोदी को लेकर दिए गए बयान पर हंगामा मचने के बाद पूर्व सीएम भूपेश बघेल अब अपने नेता के समर्थन में उतर आए हैं। पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर इस मामले में प्रतिक्रिया दी।
बघेल ने लिखा चरणदास महंत का आशय घमंड तोड़ने से था। ये एक मुहावरा है। लेकिन भाजपा के नेता इसको नहीं समझ सकते। वे छत्तीसगढ़ी भाषा संस्कृति को भी नहीं समझते।

बघेल ने अपने पोस्ट में ये लिखा
Bhupesh Baghel in defense of Charan Das Mahant
‘जो कुछ नेता प्रतिपक्ष आदरणीय चरणदास महंत जी ने कहा वह छत्तीसगढ़ी भाषा के मुहावरे में कही गई बात है। लोकोक्तियों से समृद्ध छत्तीसगढ़ी भाषा को जानने समझने वाला और छत्तीसगढ़ी लोक जीवन से जुड़ा हर व्यक्ति इसे जानता है। उनका आशय घमंड तोड़ने से था। इस मुहावरे को भाजपा के नेता नहीं समझ सकते। वे छत्तीसगढ़ी भाषा संस्कृति को नहीं समझते।
इस तथ्य के बावजूद महंत जी ने विनम्रता से कहा है कि अगर इसका ग़लत अर्थ निकाला गया है तो वे खेद व्यक्त करते हैं।
हम महात्मा गांधी की पार्टी के लोग हैं। हम हिंसा पर न भरोसा करते हैं न हिंसा हमारी सोच का हिस्सा है। हम अहिंसक विचारधारा के लोग हैं।
जहां तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का सवाल है, तो हम उन्हें लोकतांत्रिक ढंग से परास्त करना चाहते हैं। उनका घमंड तोड़ना चाहते हैं। उनके प्रति कोई अनादर हमारे मन में नहीं है। वे स्वस्थ रहें, दीर्घायु हों।’

क्या था विवाद
दरअसल, मंगलवार को राजनांदगांव में पूर्व सीएम भूपेश बघेल का नामांकन भरा जा रहा था। इस के दौरान जनता को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष महंत ने भाजपा समेत पीएम मोदी पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था, हमें नरेंद्र मोदी का मूड़ (सिर) फोड़ने वाला आदमी चाहिए। रात-दिन तंग करके चीन भेजने वाला आदमी चाहिए। एक संरक्षक चाहिए, अच्छा लाठी धर कर मारने वाला।

उप मुख्यमंत्री के नेतृत्व में भाजपा ने किया प्रदर्शन
Bhupesh Baghel in defense of Charan Das Mahant
महंत के बयान को बीजेपी हाथो हाथ लिया। पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बुधवार को सड़क पर उतर आई। डिप्टी CM विजय शर्मा के नेतृत्व में तमाम भाजपाइयों ने रायपुर स्थित महंत के सरकारी बंगले का घेराव करने की कोशिश बाहर प्रदर्शन भी किया साथ ही नारे लगाए कि पहले लाठी मोदी के परिजन खाने को तैयार हैं। इतना ही नहीं भाजपाइयों ने सिविल लाइन थाने के बाहर प्रदर्शन कर महंत के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की। चुनाव आयोग में भी शिकायत की। ‘मैं हूं मोदी का परिवार, पहले लाठी मुझे मारो’ का पोस्टर भी जारी किया है।

महंत ने जताया खेद, बोले- तिल का ताड़ बनाया
डिप्टी CM विजय शर्मा के नेतृत्व में तमाम भाजपाइयों के प्रदर्शन को देखते हुए, नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत ने अपनी बयान पर खेद जताया। उन्होंने कहा, ‘भाजपा ने उनके बयान को तिल का ताड़ बना दिया गया। प्रधानमंत्री सम्मानित पद है। मैंने ऐसा कुछ कहा ही नहीं है, लोग पता नहीं क्यों कह रहे हैं। मैं तो कबीरपंथी हूं, मैं इस तरह की गलत बात तो कर ही नहीं सकता। मेरी बातों से बुरा लगा है, तो मैं खेद व्यक्त करता हूं।’

