11 जून को रायपुर के कई इलाकों में नहीं मिलेगी शाम की पानी सप्लाई

11 जून को रायपुर के कई इलाकों में नहीं मिलेगी शाम की पानी सप्लाई

रायपुर, 09 जून। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी मर्यादित (सीएसपीडीसीएल) द्वारा रावणभाटा उपकेंद्र में प्रस्तावित संधारण कार्य के चलते 11 जून को रायपुर शहर के कई क्षेत्रों में शाम के समय जलापूर्ति प्रभावित रहेगी। इस दौरान 80 एमएलडी, न्यू 80 एमएलडी और 150 एमएलडी फिल्टर प्लांट से जुड़े 42 जलागारों में पानी की सप्लाई बंद रहेगी।

भूमिगत केबल जोड़ने का किया जाएगा कार्य

नगर निगम जल विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, रावणभाटा उपकेंद्र में 33 केवी फीडरों के बीच भूमिगत केबल बिछाकर उसे विद्युत लाइन से जोड़ने का कार्य किया जाएगा। इस कार्य के कारण 11 जून को 33 केवी विद्युत लाइन, इंटेकवेल और फिल्टर प्लांट बंद रहेंगे। परिणामस्वरूप जल शोधन संयंत्रों का संचालन प्रभावित होगा और संबंधित क्षेत्रों में शाम की जलापूर्ति नहीं हो सकेगी।

इन क्षेत्रों में प्रभावित रहेगी जलापूर्ति

डंगनिया, ईदगाह भाठा, गंज, गुढ़ियारी, न्यू राजेंद्र नगर, श्याम नगर, तेलीबांधा, शंकर नगर, खमतराई, भनपुरी, भाठागांव, चंगोराभाठा, कुशालपुर, डी.डी. नगर, सरोना, टाटीबंध, कोटा, कबीर नगर, जरवाय, गोगांव, मठपुरैना, लालपुर, अमलीडीह, अवंति विहार, मंडी, मोवा, सड्डू, रामनगर, कचना, आमासिवनी, देवपुरी, मोतीबाग, बोरियाखुर्द, जोरा, रायपुरा, कुकरबेड़ा, नया वायरन बाजार, देवेन्द्र नगर और संजय नगर सहित 42 जलागारों से जुड़े क्षेत्रों में शाम की जलापूर्ति प्रभावित रहेगी।

12 जून से जलापूर्ति होगी सामान्य

विभाग ने स्पष्ट किया है कि 11 जून की सुबह जलप्रदाय सामान्य रूप से होगा, जबकि शाम के समय पानी की सप्लाई बंद रहेगी। 12 जून की सुबह से जलापूर्ति पुनः सामान्य रूप से बहाल कर दी जाएगी। अन्य जलागारों और पावर पंपों से पानी की आपूर्ति नियमित रूप से जारी रहेगी।

 

Breaking News