रायपुर, 4 जून। Fire Incident: राजधानी रायपुर के बढ़ईपारा इलाके में गुरुवार सुबह एक किराना दुकान में अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग लगने के बाद दुकान से धुएं का घना गुबार और ऊंची लपटें उठने लगीं, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। स्थानीय नागरिकों ने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया, जिससे आग आसपास की दुकानों और रिहायशी मकानों तक फैलने से बच गई।
जानकारी के अनुसार, आग कुमार नामक कारोबारी की किराना दुकान में लगी थी। घटना का तस्वीर भी सामने आया है, जिसमें दुकान से धुआं निकलता दिखाई दे रहा है, जबकि दमकल कर्मी आग बुझाने में जुटे नजर आ रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सुबह करीब 6:30 बजे दुकान बंद थी। इसी दौरान दुकान के अंदर से धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग ने दुकान के एक हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि फायर विभाग और पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। आग से दुकान में रखा किराना सामान, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य सामग्री क्षतिग्रस्त हो गई है। नुकसान का वास्तविक आकलन जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
