Jal Jeevan Mission : एक मोटर बदली… कई चेहरों पर लौटी मुस्कान: भाटपारा में फिर बहा उम्मीदों का जल

Jal Jeevan Mission : एक मोटर बदली… कई चेहरों पर लौटी मुस्कान: भाटपारा में फिर बहा उम्मीदों का जल

रायपुर, 04 जून। Jal Jeevan Mission : सूरजपुर जिले के दूरस्थ भाटपारा गांव में पेयजल संकट का समाधान होने से ग्रामीणों के चेहरों पर फिर मुस्कान लौट आई है। विशेष पिछड़ी जनजाति पंडो समुदाय के परिवारों के लिए जीवन की सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकता पेयजल है और हाल ही में गांव में स्थापित सोलर पावर पंप की मोटर खराब हो जाने से लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।

समस्या की जानकारी मिलते ही हरकत में आया प्रशासन

गर्मी के मौसम में जलापूर्ति प्रभावित होने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई थी। जैसे ही प्रशासन और संबंधित विभाग को समस्या की जानकारी मिली, तत्काल कार्रवाई शुरू की गई। खराब मोटर को निकालकर नई मोटर स्थापित की गई, जिससे कुछ ही समय में गांव में दोबारा पानी की आपूर्ति शुरू हो गई।

पानी की धार के साथ लौटी ग्रामीणों की राहत

नई मोटर लगने के बाद जब नलों से पानी बहना शुरू हुआ तो ग्रामीणों के चेहरों पर राहत और संतोष साफ दिखाई दिया। महिलाओं को पानी के लिए भटकने की चिंता से मुक्ति मिली, वहीं बुजुर्गों ने भी राहत की सांस ली। ग्रामीणों ने प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि अब दूरस्थ क्षेत्रों की समस्याओं को भी गंभीरता से सुना और हल किया जा रहा है।

हैंडपंप से भी बनी रही पेयजल की वैकल्पिक व्यवस्था

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने यह सुनिश्चित किया कि मोटर बदलने की प्रक्रिया के दौरान ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। गांव के निकट स्थित हैंडपंप के माध्यम से लगातार पेयजल उपलब्ध कराया जाता रहा, जिससे लोगों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ा।

सुशासन की संवेदनशीलता का बना उदाहरण

भाटपारा की यह घटना दर्शाती है कि विकास केवल योजनाओं के निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि समय पर समस्या का समाधान और संवेदनशील प्रशासनिक कार्रवाई ही वास्तविक बदलाव का आधार है। दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों तक मूलभूत सुविधाओं की समय पर उपलब्धता सुशासन की प्रभावी और जनोन्मुखी व्यवस्था का प्रतीक बन रही है।

स्पेशल