रायपुर, 04 जून। Hospitality Hub : राजधानी रायपुर स्थित क्वींस क्लब ऑफ इंडिया को आधुनिक हॉस्पिटैलिटी और वेलनेस डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल ने क्लब के विकास, संचालन और रखरखाव के लिए पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत एजेंसी नियुक्त करने की परियोजना प्रस्तावित की है।
खेल और स्वास्थ्य सुविधाओं का होगा विस्तार
परियोजना के अंतर्गत क्लब परिसर में अत्याधुनिक खेल और फिटनेस सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इनमें स्क्वैश कोर्ट, टेनिस कोर्ट, जिम, स्विमिंग पूल, बैडमिंटन हॉल, बिलियर्ड रूम और टेबल टेनिस हॉल शामिल होंगे। साथ ही मौजूदा अधोसंरचना का व्यापक नवीनीकरण और आधुनिकीकरण भी किया जाएगा।
निजी निवेश और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
वित्त, आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि यह परियोजना रायपुर को प्रीमियम हॉस्पिटैलिटी हब के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे राज्य में निजी निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा, रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और शहरी अधोसंरचना विकास को नई गति मिलेगी।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि क्वींस क्लब ऑफ इंडिया की विशेष आवास योजना के अंतर्गत सांसद एवं विधायक वर्ग के 108 सदस्यों की विशेष सदस्यता यथावत बनी रहेगी तथा वर्तमान सदस्यों के हितों का पूरा संरक्षण किया जाएगा।
LDOT मॉडल पर विकसित होगी परियोजना
गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव के अनुसार यह परियोजना लाइसेंस, डेवलप, ऑपरेट एवं ट्रांसफर (LDOT) मॉडल के तहत विकसित की जाएगी।
योजना के अनुसार क्लब की मौजूदा सुविधाओं के बेहतर संचालन के साथ टेनिस कोर्ट क्षेत्र के रिक्त भूभाग पर लगभग 61 कमरों वाला आधुनिक हॉस्पिटैलिटी एवं आवासीय ब्लॉक भी तैयार किया जाएगा।
25 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित
परियोजना में लगभग 25 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव है। इसके माध्यम से अत्याधुनिक सुविधाओं का विकास, दीर्घकालिक राजस्व सृजन, आर्थिक गतिविधियों में वृद्धि और रोजगार के नए अवसरों का निर्माण होगा।
परियोजना की लाइसेंस अवधि 20 वर्ष निर्धारित की गई है, जिसे आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त 10 वर्ष तक बढ़ाया जा सकेगा।
राजधानी को मिलेगा नया प्रीमियम डेस्टिनेशन
बेहतर सड़क संपर्क और उत्कृष्ट कनेक्टिविटी के कारण यह परियोजना निवेशकों, खिलाड़ियों, पर्यटकों और उपयोगकर्ताओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनने की संभावना रखती है। इसके पूरा होने के बाद रायपुर में उच्चस्तरीय खेल, स्वास्थ्य और आतिथ्य सेवाओं का नया केंद्र विकसित होगा।
