PM Surya Ghar : 3500 घरों में लगे रूफटॉप सोलर प्लांट… हजारों परिवारों का बिजली बिल हुआ शून्य

PM Surya Ghar : 3500 घरों में लगे रूफटॉप सोलर प्लांट… हजारों परिवारों का बिजली बिल हुआ शून्य

रायपुर, 27 मई। PM Surya Ghar : राजनांदगांव क्षेत्र में “प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना” के तहत सौर ऊर्जा क्रांति तेजी से आकार ले रही है। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के तहत राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी तथा खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिलों में हजारों परिवार अपने घरों की छतों पर रूफटॉप सोलर प्लांट लगाकर स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन के साथ बिजली बिलों में बड़ी राहत प्राप्त कर रहे हैं। कई उपभोक्ताओं के मासिक बिजली बिल अब पूरी तरह शून्य हो चुके हैं।

आवेदन और स्थापना में रिकॉर्ड प्रगति

राजनांदगांव क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक शिरीष सेलत ने बताया कि योजना के तहत तीनों जिलों में सौर संयंत्र स्थापना में रिकॉर्ड प्रगति दर्ज की गई है। अब तक कुल 6,052 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 6,045 आवेदनों की औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं और 5,670 उपभोक्ताओं ने अपने वेंडर का चयन भी कर लिया है।

हजारों घरों में स्थापित हुए सोलर प्लांट

राजनांदगांव जिले में 2,899 घरों में सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं, जबकि खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में 401 और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में 181 घरों में रूफटॉप सोलर प्लांट लगाए गए हैं। उपभोक्ताओं को त्वरित स्वीकृति, नेट मीटरिंग और सब्सिडी उपलब्ध कराने के लिए विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है।

डीबीटी के जरिए खातों में पहुंची सब्सिडी

योजना के तहत अब तक 2,406 उपभोक्ताओं के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की सब्सिडी राशि सीधे हस्तांतरित की जा चुकी है। बिजली कंपनी द्वारा नेट मीटरिंग प्रक्रिया पूरी होते ही सब्सिडी वितरण में तेजी लाई जा रही है।

हर महीने मुफ्त बिजली का लाभ

तकनीकी आंकड़ों के अनुसार 1 किलोवाट का सोलर प्लांट प्रति माह 120 से 150 यूनिट, 2 किलोवाट का प्लांट 240 से 300 यूनिट और 3 किलोवाट का प्लांट 360 से 450 यूनिट तक बिजली उत्पादन कर रहा है। सामान्य घरेलू उपयोग के लिए यह उत्पादन पर्याप्त साबित हो रहा है, जिससे उपभोक्ताओं का बिजली बिल लगभग समाप्त हो गया है।

केंद्र और राज्य सरकार दे रही बड़ी सब्सिडी

योजना के तहत 1 किलोवाट प्लांट पर कुल 45 हजार रुपये, 2 किलोवाट पर 90 हजार रुपये तथा 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता पर अधिकतम 1 लाख 8 हजार रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है। इसके अलावा विभिन्न सरकारी और निजी बैंक आसान ऋण सुविधा भी उपलब्ध करा रहे हैं।

कार्यपालक निदेशक श्री शिरीष सेलट ने सभी पंजीकृत वेंडरों को निर्देश दिए हैं कि पात्र उपभोक्ताओं के घरों में तय समय सीमा के भीतर सोलर प्लांट स्थापना कार्य पूर्ण किया जाए। उन्होंने नागरिकों से आधिकारिक पोर्टल PM Surya Ghar Portal पर आवेदन कर योजना का लाभ लेने की अपील की है।

स्पेशल