रायपुर, 27 मई। License Suspended : किसानों को गुणवत्तायुक्त खाद, बीज और कीटनाशक उपलब्ध कराने के लिए छत्तीसगढ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। औचक निरीक्षण के दौरान नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर छह निजी खाद दुकानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं।
निरीक्षण में मिली अनियमितताएं
कलेक्टर के निर्देश पर कृषि विभाग की निरीक्षण टीम ने जिले के सहकारी और निजी विक्रय केंद्रों की जांच की। निरीक्षण के दौरान मेसर्स दिलीप ट्रेडर्स हरदी, साहू कृषि केन्द्र मल्दा-अ, मेसर्स धनलक्ष्मी ट्रेडर्स जोरापाली, मेसर्स पुष्पराज केशरवानी भटगांव, मेसर्स आनंद ट्रेडर्स एवं कृषि केन्द्र सरसींवा तथा मेसर्स साहू खाद भंडार पवनी में विभिन्न अनियमितताएं पाई गईं। इसके बाद विभाग ने संबंधित दुकानों के अनुज्ञप्ति लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए।
कई क्षेत्रों में चला सघन जांच अभियान
निरीक्षण दल ने विकासखंड बिलाईगढ़ के सरसींवा, पेंड्रावन, जोरापाली, भटगांव और दुमुहानी सहित कई क्षेत्रों में खाद एवं कृषि सामग्री विक्रय केंद्रों की जांच की। वहीं विकासखंड सारंगढ़ के कोसीर, मल्दा-अ, अंडोला, जशपुर और हरदी स्थित केंद्रों का भी निरीक्षण किया गया।
किसानों के हित में सख्त निगरानी
कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों को निर्धारित दर पर गुणवत्तापूर्ण कृषि सामग्री उपलब्ध कराने के लिए जिले में लगातार निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले विक्रेताओं के खिलाफ आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।
