नई दिल्ली/क्वेटा, 24 मई। Military Train Blast : पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में रविवार को हुए भीषण बम धमाके ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। क्वेटा के चमन फाटक रेलवे स्टेशन के पास सैन्य कर्मियों को ले जा रही ट्रेन को निशाना बनाकर किए गए विस्फोट में कम से कम 24 लोगों की मौत हो गई, जबकि 50 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक विस्फोटकों से लदी एक कार ने ट्रेन के डिब्बे को टक्कर मार दी, जिसके बाद जोरदार धमाका हुआ। धमाका इतना शक्तिशाली था कि आसपास खड़ी करीब 10 गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए और नजदीकी इमारतों के कांच टूटकर बिखर गए। बताया जा रहा है कि मृतकों में सेना के जवान भी शामिल हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा एजेंसियों ने मौके को घेर लिया।
अस्पतालों में इमरजेंसी घोषित
धमाके के बाद क्वेटा के सरकारी अस्पतालों में इमरजेंसी घोषित कर दी गई है। अतिरिक्त डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ को बुलाया गया है। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सुरक्षा कारणों से जाफर एक्सप्रेस को क्वेटा रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया है। प्रांतीय गृह विभाग ने सभी सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल सुरक्षा बलों और राहत टीमों द्वारा बचाव अभियान जारी है, जबकि धमाके की जांच शुरू कर दी गई है।
