धरमजयगढ़, 16मई। कापू वनपरिक्षेत्र के आलोला बीट अंतर्गत एक हृदय विदारक घटना सामने आई है, जहां जंगल में गए एक ग्रामीण की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, आलोला गांव निवासी कार्तिक राम बंजारा शुक्रवार सुबह लगभग 7 बजे तेंदूपत्ता तोड़ने के लिए घर से सटे जंगल में गया था। वह सामान्य दिनों की तरह जंगल तो गया, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिजनों की चिंता बढ़ गई और ग्रामीणों के साथ उसकी तलाश शुरू की गई।
पूरी रात चले सर्च ऑपरेशन के बाद शनिवार को जंगल के भीतर कार्तिक राम का शव बरामद हुआ। शव की स्थिति देखकर ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि उसकी मौत किसी जंगली हाथी के हमले में रौंदे जाने से हुई हो सकती है।
घटना की सूचना मिलते ही कापू वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी।
इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है और ग्रामीणों में वन्यजीवों के खतरे को लेकर दहशत बनी हुई है।
