Exam Mafia का बड़ा खुलासा…! 12वीं हिंदी पेपर लीक का मास्टरमाइंड गिरफ्तार…3000 रुपये में बेचता था प्रश्नपत्र

Exam Mafia का बड़ा खुलासा…! 12वीं हिंदी पेपर लीक का मास्टरमाइंड गिरफ्तार…3000 रुपये में बेचता था प्रश्नपत्र

रायपुर, 11 मई। Exam Mafia : छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की 12वीं हिंदी परीक्षा के पेपर लीक मामले में रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी वेणु उर्फ वेणु जंघेल को पुलिस ने बिलासपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर छात्रों से पैसे लेकर प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने का आरोप है।

जानकारी के अनुसार, 12वीं हिंदी विषय का प्रश्नपत्र सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कोतवाली थाना में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त मध्य जोन के निर्देशन में विशेष जांच टीम गठित की गई थी।

डिजिटल साक्ष्यों को मिटाने की कोशिश

जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि मामले से जुड़े कुछ लोग डिजिटल साक्ष्यों को मिटाने की कोशिश कर रहे हैं। इसके बाद साइबर तकनीक की मदद से डिलीटेड डेटा, मोबाइल चैट, सोशल मीडिया गतिविधियों और आर्थिक लेन-देन की जांच शुरू की गई। लगातार जांच और 50 से अधिक छात्रों व अन्य लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस मुख्य आरोपी वेणु जंघेल तक पहुंची। आरोपी बेमेतरा जिले के ग्राम बरसरा का निवासी है और रायपुर के गोकुल नगर क्षेत्र में रह रहा था।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी 12वीं के छात्रों को प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने के बदले करीब 3000 रुपये तक वसूलता था। मामला दर्ज होने के बाद से वह लगातार फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए मोबाइल सहित अन्य डिजिटल साक्ष्यों को नष्ट करने की कोशिश कर रहा था।

पुलिस ने घोषित किया 5000 रुपये का इनाम

आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस ने 5000 रुपये का इनाम भी घोषित किया था। रायपुर क्राइम ब्रांच एसीसीयू और कोतवाली थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी निगरानी, डिजिटल ट्रैकिंग और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को बिलासपुर से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी को चार दिन की रिमांड पर लेकर पूछताछ की, जिसमें कई अहम जानकारियां सामने आई हैं।

पूछताछ में आरोपी ने पेपर वायरल करने के तरीके, आर्थिक लेन-देन और अन्य लोगों की संलिप्तता से जुड़ी जानकारी दी है। पुलिस अब रिकवर किए गए डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच कोतवाली पुलिस कर रही है।

Education