रायपुर, 09 मई। CM Kanya Vivah Yojana : छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत आयोजित सामूहिक विवाह समारोह सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक विविधता और महिला सशक्तिकरण का प्रेरणादायी उदाहरण बनकर सामने आए। प्रदेशभर में आयोजित इन समारोहों में 2300 से अधिक जोड़े परिणय सूत्र में बंधे और अपने नए जीवन की शुरुआत की। सामूहिक विवाह कार्यक्रमों में विभिन्न समुदायों और वर्गों के लोगों की सहभागिता ने सामाजिक एकता और सद्भाव का संदेश दिया।
सूरजपुर में गूंजे शहनाई के सुर
सूरजपुर जिले में आयोजित भव्य समारोह में 100 जोड़े पूरे विधि-विधान और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह बंधन में बंधे। मंत्रोच्चार, फेरे, सिंदूरदान और वरमाला की रस्मों के बीच नवदंपत्तियों ने जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया। शहनाइयों की गूंज, बैंड-बाजों की मधुर धुन और पुष्प वर्षा से समारोह का माहौल उत्साह और उल्लास से भर गया।
महिला सशक्तिकरण का दिया संदेश
कार्यक्रम में शामिल हुई महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने नवदंपत्तियों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि आत्मनिर्भर महिला ही सशक्त परिवार और समृद्ध समाज की आधारशिला होती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना जरूरतमंद परिवारों के लिए सम्मान और सहारा दोनों का कार्य कर रही है। मंत्री ने महिलाओं से शासन की योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान भी किया।
दो चरणों में हो रहा आयोजन
मंत्री राजवाड़े ने बताया कि राज्य शासन द्वारा इस वर्ष दो चरणों में सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक पात्र परिवारों तक योजना का लाभ पहुंचाया जा सके। राज्य स्तर पर प्राप्त आंकड़ों के अनुसार 8 मई को विभिन्न जिलों में आयोजित समारोहों में 2188 जोड़े विवाह बंधन में बंधे, जबकि अन्य चरणों सहित यह संख्या बढ़कर 2393 तक पहुंच गई है।
बाल विवाह मुक्त समाज का संकल्प
कार्यक्रम में वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा ने उपस्थित लोगों को बाल विवाह मुक्त समाज बनाने की शपथ दिलाई और इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। वहीं विधायक भूलन सिंह मरावी ने कहा कि राज्य सरकार अंत्योदय की भावना के साथ अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
नवदंपत्तियों को मिला आर्थिक संबल
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत प्रत्येक नवविवाहित जोड़े को 35 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है, जिससे वे अपने नए जीवन की शुरुआत मजबूती और आत्मविश्वास के साथ कर सकें। समारोह में नवदंपत्तियों और उनके परिजनों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।
