रायगढ़, 02 मई। Mazdoor Diwas : अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर जिले के सभी मनरेगा (महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम) कार्यस्थलों पर ‘मजदूर सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य श्रमिकों के योगदान को सम्मान देना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना रहा।
सम्मान के साथ संवाद, समस्याओं का समाधान
जिले के सभी सक्रिय मनरेगा कार्यस्थलों पर आयोजित समारोह में श्रमिकों का पारंपरिक रूप से तिलक लगाकर और पुष्प भेंट कर सम्मान किया गया। इस दौरान अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने श्रमिकों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना।
लंबित मजदूरी भुगतान का मौके पर निराकरण
कार्यक्रम की सबसे अहम उपलब्धि मनरेगा और प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत लंबित मजदूरी भुगतान मामलों का मौके पर समाधान रहा। अधिकारियों ने तत्काल समीक्षा कर आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कीं, जिससे श्रमिकों को समय पर पारिश्रमिक मिल सके। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मजदूरी भुगतान में किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
योजनाओं की जानकारी से बढ़ी जागरूकता
समारोह के दौरान श्रमिकों को उनके अधिकारों और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। विशेष रूप से ‘विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन’ के प्रावधानों से अवगत कराते हुए बताया गया कि यह मिशन ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आजीविका सशक्तिकरण को नई दिशा देगा।
श्रमिकों का बढ़ा उत्साह, मजबूत हुआ भरोसा
अधिकारियों ने कहा कि श्रमिक समाज की आधारशिला हैं और उनके श्रम से ही विकास संभव है। इस पहल से श्रमिकों में उत्साह बढ़ा है और शासन-प्रशासन के प्रति उनका विश्वास और अधिक सुदृढ़ हुआ है।

