Food Poisoning : गोलगप्पे खाने के बाद मचा हड़कंप…! एक मासूम की मौत 36 बीमार..गांव में दहशत

Food Poisoning : गोलगप्पे खाने के बाद मचा हड़कंप…! एक मासूम की मौत 36 बीमार..गांव में दहशत

गिरिडीह, 27 अप्रैल। Food Poisoning : झारखंड के गिरिडीह जिले से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बजटो गांव में गोलगप्पे खाने के बाद 36 से अधिक लोग बीमार पड़ गए, जिनमें ज्यादातर बच्चे शामिल हैं। इस घटना में इलाज के दौरान 6 साल के बच्चे रंजन कुमार की मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

क्या है पूरा मामला?

शनिवार शाम गांव में एक ठेलेवाला गोलगप्पे बेचने आया था। बच्चों और महिलाओं समेत कई लोगों ने गोलगप्पे खाए। रात में हल्की तबीयत बिगड़ी, लेकिन रविवार सुबह होते-होते तेज बुखार, पेट दर्द, उल्टी-दस्त जैसे लक्षण गंभीर हो गए। हालात बिगड़ते देख ग्रामीणों ने सभी को आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान मासूम रंजन की मौत हो गई।

36 से ज्यादा बीमार, गांव में दहशत

बीमारों में बड़ी संख्या बच्चों की है। अस्पताल में भर्ती मरीजों में दिवाकर, शिवम, अनुराधा, मनीता, रिया, प्रिंस, रानी, सुजीत, बादल, मधु सहित कई नाम शामिल हैं। डॉक्टरों की टीम सभी का इलाज कर रही है और फिलहाल अन्य मरीजों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

अलर्ट मोड में प्रशासन

घटना की जानकारी मिलते ही उपायुक्त रामनिवास यादव, एसडीएम श्रीकांत विसपुते, एसडीपीओ जीतबाहन उरांव समेत कई अधिकारी अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जांच के आदेश दिए।

फूड प्वाइजनिंग की आशंका

प्रशासन को आशंका है कि यह मामला फूड प्वाइजनिंग का है। गोलगप्पे बेचने वाले ठेलेवाले की पहचान कर ली गई है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद स्थिति पूरी तरह साफ होगी।
National