International Election Visitor कार्यक्रम के दूसरे चरण की शुरुआत… 17 देशों के प्रतिनिधियों की भागीदारी

International Election Visitor कार्यक्रम के दूसरे चरण की शुरुआत… 17 देशों के प्रतिनिधियों की भागीदारी

रायपुर, 22 अप्रैल। International Election Visitor : भारत निर्वाचन आयोग ने नई दिल्ली में अंतर्राष्ट्रीय निर्वाचन आगंतुक कार्यक्रम 2026 के दूसरे चरण की शुरुआत की। यह कार्यक्रम तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में जारी विधानसभा चुनावों के संदर्भ में आयोजित किया जा रहा है।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने किया उद्घाटन

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार  ने भारत अंतर्राष्ट्रीय लोकतंत्र और चुनाव प्रबंधन संस्थान में कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों को भारत की चुनावी प्रक्रिया से अवगत कराया गया। कार्यक्रम के दूसरे चरण में 17 देशों के 34 प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं। इनमें विदेशी मिशनों के प्रतिनिधि और International IDEA के सदस्य भी शामिल हैं। इससे पहले पहले चरण में प्रतिनिधियों ने असम, केरल और पुदुचेरी का दौरा किया था।

ईवीएम का प्रदर्शन और मॉक मतदान

कार्यक्रम के तहत प्रतिनिधियों को इलेक्ट्रॉनिक मतदान मशीन का प्रदर्शन दिखाया गया और उन्होंने मॉक मतदान में भाग लेकर पूरी प्रक्रिया का अनुभव प्राप्त किया। उन्होंने चुनावी प्रक्रिया में उपयोग किए जा रहे तकनीकी उपायों और सुरक्षा व्यवस्थाओं में विशेष रुचि दिखाई।

राज्यों के दौरे पर जाएंगे प्रतिनिधि

प्रतिनिधि 22 और 23 अप्रैल को पश्चिम बंगाल और तमिल नाडु का दौरा करेंगे। इस दौरान वे मतदान केंद्रों, नियंत्रण कक्षों और मीडिया निगरानी केंद्रों का अवलोकन करेंगे तथा वास्तविक मतदान प्रक्रिया को भी देखेंगे।

वैश्विक स्तर पर भारत की चुनाव प्रणाली का प्रदर्शन

यह कार्यक्रम भारत की चुनावी व्यवस्था, संस्थागत ढांचे और संचालन प्रणाली का व्यापक परिचय देता है। इसके माध्यम से भारत विश्व समुदाय के साथ अपने अनुभव और सर्वोत्तम प्रक्रियाएं साझा कर रहा है, जिससे लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं के बीच सहयोग को बढ़ावा मिल रहा है।

National