कोरबा, 28 मार्च। Road Accident : कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। भैसमा-उरगा मुख्य मार्ग पर ग्राम कुकरीचोली स्थित पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार कोयला लदे ट्रेलर ने दो बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी।
इस हादसे में कोरबा जनपद के पूर्व उपाध्यक्ष विक्की कंवर समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रेलर तेज गति में था और अचानक अनियंत्रित होकर बाइक सवारों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दूर जा गिरे और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने डायल 112 को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की, जिससे समय पर इलाज शुरू हो सका।
हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी है। फरार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

