न्यूयॉर्क, 23 मार्च। LaGuardia Airport : अमेरिका के व्यस्ततम हवाई अड्डों में शामिल ला गार्डिया एयरपोर्ट पर एक भयावह विमान हादसा सामने आया है। एयर कनाडा एक्सप्रेस का CRJ-900 विमान रनवे पर एक फायर ट्रक से टकरा गया, जिससे विमान का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस गंभीर दुर्घटना के बाद एयरपोर्ट अथॉरिटी ने मास कैजुअल्टी इमरजेंसी घोषित कर दी है।
करीब 100 यात्री थे सवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विमान में लगभग 100 यात्री सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि कॉकपिट और फ्रंट सेक्शन के परखच्चे उड़ गए। हालांकि राहत टीमों ने तेजी से यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया।
अब तक 2 मौतें, 70 से ज्यादा घायल
प्रारंभिक रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस हादसे में अब तक 2 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 70 से अधिक यात्री और क्रू मेंबर्स घायल बताए जा रहे हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं फायर ट्रक में सवार 5 फर्स्ट रिस्पॉन्डर्स भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
कैसे हुआ हादसा?
बताया जा रहा है कि विमान रनवे पर मूवमेंट के दौरान फायर ट्रक से टकरा गया। टक्कर के कारण विमान का आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें विमान का अगला हिस्सा पूरी तरह टूटा हुआ दिखाई दे रहा है।
एयरपोर्ट बंद, फ्लाइट्स डायवर्ट
हादसे के बाद जॉन एफ. कैनेडी इंटरनेशनल एयरपोर्ट की ओर सभी उड़ानों को डायवर्ट कर दिया गया है। ला गार्डिया एयरपोर्ट को फिलहाल पूरी तरह बंद कर दिया गया है।
एयर कनाडा का बयान
एयर कनाडा ने घटना पर बयान जारी कर कहा है कि वह स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है और प्रभावित यात्रियों के परिवारों से संपर्क किया जा रहा है। फिलहाल मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

