नई दिल्ली, 22 जनवरी। T20 World Cup 2026 : इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) की उस मांग को खारिज कर दिया है, जिसमें बांग्लादेश ने अपने टी20 वर्ल्ड कप मैच भारत से बाहर किसी अन्य देश में कराने का अनुरोध किया था। यह प्रस्ताव ICC बोर्ड की बैठक में वोटिंग के लिए रखा गया, जिसमें बांग्लादेश को करारी हार का सामना करना पड़ा।
वोटिंग में कुल 16 देशों ने भाग लिया, जिनमें से 14 देशों ने बांग्लादेश के प्रस्ताव के खिलाफ वोट किया, जबकि सिर्फ दो देशों – पाकिस्तान और बांग्लादेश ने इसके समर्थन में मतदान किया। इसके बाद ICC ने BCB को स्पष्ट रूप से कह दिया कि वे इस फैसले की जानकारी अपनी सरकार को दें। ICC ने चेतावनी दी कि अगर बांग्लादेश भारत में खेलने से इनकार करता है, तो उसे टूर्नामेंट से बाहर कर दिया जा सकता है, और उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया जा सकता है।
विवाद की शुरुआत और BCB का अनुरोध
यह विवाद तब उत्पन्न हुआ, जब बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान का आईपीएल कॉन्ट्रैक्ट खत्म किया गया। इसके बाद BCB ने ICC से औपचारिक रूप से अनुरोध किया कि बांग्लादेश के मैच भारत से बाहर कराए जाएं, सुरक्षा और खिलाड़ियों की सेफ्टी का हवाला देते हुए।
बांग्लादेश की ग्रुप स्वैप की डिमांड
इसके अलावा, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने ICC से बांग्लादेश के ग्रुप को बदलने का भी प्रस्ताव दिया था। बांग्लादेश ने अपने ग्रुप C को स्वैप करने की मांग की, जिसमें उन्हें कोलकाता और मुंबई में मैच खेलने थे। BCB ने आयरलैंड के साथ ग्रुप स्वैप की मांग की, ताकि बांग्लादेश का ग्रुप B में स्विच हो सके, जहां मैच श्रीलंका में होने थे। लेकिन ICC ने इस प्रस्ताव को भी खारिज कर दिया।
बांग्लादेश का टी20 वर्ल्ड कप 2026 शेड्यूल
- 7 फरवरी 2026: बांग्लादेश vs वेस्टइंडीज, दोपहर 3 बजे, ईडन गार्डन्स (कोलकाता)
- 9 फरवरी 2026: बांग्लादेश vs इटली, सुबह 11 बजे, ईडन गार्डन्स (कोलकाता)
- 14 फरवरी 2026: बांग्लादेश vs इंग्लैंड, दोपहर 3 बजे, ईडन गार्डन्स (कोलकाता)
- 17 फरवरी 2026: बांग्लादेश vs नेपाल, शाम 7 बजे, वानखेड़े स्टेडियम (मुंबई)
ICC ने इस मामले में बेहद सख्त रुख अपनाया है और बांग्लादेश को स्पष्ट रूप से बताया है कि यदि वह अपने निर्णय पर अड़ा रहता है, तो उसे टूर्नामेंट से बाहर किया जा सकता है। अब देखना यह होगा कि BCB इस फैसले के बाद आगे क्या कदम उठाता है।

