गरियाबंद, 15 जनवरी। Dirty Dancing : छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम के दौरान अश्लील डांस का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। पुलिस ने इस मामले में ओडिशा की डांसर सुचित्रा जेना को उसके गांव से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद उसे धर्मसाला थाना में पेश किया गया, जहां से उसे निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 8 जनवरी को गरियाबंद जिले के उरमाल गांव में आयोजित ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम के दौरान सुचित्रा जेना ने अश्लील डांस किया था। इस मामले में आयोजकों के खिलाफ पहले से दर्ज एफआईआर में उसे सह-आरोपी बनाया गया है। पुलिस की एक टीम अभी भी ओडिशा में मौजूद है और 9 जनवरी को डांस करने वाली दूसरी डांसर निशा महाराणा की तलाश कर रही है। बताया जा रहा है कि निशा ने कार्यक्रम से पहले सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर लोगों को कार्यक्रम में आने की अपील की थी।
अश्लील डांस का वीडियो वायरल
सूत्रों के अनुसार, उरमाल में आयोजित ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम के दौरान डांसरों ने अर्धनग्न होकर अश्लील डांस किया। मंच पर कपड़े उतारकर प्राइवेट पार्ट्स सार्वजनिक रूप से दिखाने के आरोप भी सामने आए हैं। कार्यक्रम के दौरान SDM तुलसी दास मरकाम और कुछ पुलिसकर्मी मंच के पास पैसे लुटाते और वीडियो बनाते नजर आए। इन घटनाओं के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए, जिसके बाद जिले में हड़कंप मच गया।
प्रशासन की सख्त कार्रवाई
वायरल वीडियो सामने आने के बाद गरियाबंद कलेक्टर भगवान सिंह उइके ने तत्काल कार्रवाई करते हुए SDM तुलसी दास मरकाम को पद से हटा दिया और उनके खिलाफ जांच समिति गठित कर दी। इसके अलावा, आयोजन समिति के 14 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है।
इससे पहले SP वेदव्रत सिरमौर्य ने डांसरों के साथ अनुचित व्यवहार करने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई करते हुए देवभोग थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक डिलोचन रावटे, आरक्षक शुभम चौहान, आरक्षक जय कंसारी को निलंबित कर दिया था।
कार्यक्रम और आयोजन का पूरा विवरण
- उरमाल गांव में युवा समिति द्वारा 6 दिवसीय ऑर्केस्ट्रा (ओपेरा) कार्यक्रम आयोजित किया गया
- 29 दिसंबर 2025 को तत्कालीन मैनपुर SDM तुलसी दास मरकाम से अनुमति ली गई
- ओडिशा के कटक स्थित जय दुर्गा ओपेरा की डांसरों को बुलाया गया
- डांस कार्यक्रम 8, 9 और 10 जनवरी को हुआ
- समिति को रोजाना 1.20 लाख रुपये भुगतान का अनुबंध
- बार डांसरों की फीस 60 हजार रुपये प्रतिदिन तय
- टिकट की कीमत 200 से 400 रुपये रखी गई
कानून व्यवस्था पर सवाल
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में SDM खुद वीडियो बनाते नजर आए, जबकि अन्य वीडियो में पुलिसकर्मी खुलेआम डांसरों के साथ किस और मस्ती करते दिखाई दिए। इस पूरे मामले ने जिले में प्रशासन और पुलिस की छवि पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रशासन ने साफ किया है कि अश्लीलता (Dirty Dancing in Orchestra) और नियमों के उल्लंघन में शामिल किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस मामले से जुड़े अन्य आरोपियों और फरार डांसर निशा महाराणा की तलाश में जुटी है। जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

