रायपुर, 10 नवम्बर। Kalchuri Samaj Conference : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज बिलासपुर जिले के रतनपुर में आयोजित कल्चुरी कलार समाज के महासम्मेलन में शामिल हुए। उन्होंने भगवान सहस्रबाहु एवं बहादुर कलारीन दाई की पूजा-अर्चना कर सम्मेलन का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने रतनपुर के विकास के लिए 100 बिस्तर वाले अस्पताल की स्थापना तथा 1 करोड़ रुपये की लागत से कल्चुरी समाज के सामुदायिक भवन के निर्माण की घोषणा की।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि रतनपुर के समग्र विकास के लिए केंद्र सरकार की प्रसाद योजना के तहत 200 करोड़ रुपये की कार्ययोजना स्वीकृति के लिए भेजी गई है। उन्होंने कहा कि रतनपुर धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल है, और सरकार इसके विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने की। इस अवसर पर संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल, सुशांत शुक्ला, अटल श्रीवास्तव, संगीता सिन्हा, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, क्रेडा अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी, योग आयोग अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा एवं महापौर पूजा विधानी उपस्थित रहीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कल्चुरी राजवंश ने लगभग 1200 वर्षों तक शासन किया और समाज में न्याय, समृद्धि एवं लोककल्याण की परंपरा स्थापित की। उन्होंने कहा कि “मां महामाया की कृपा से छत्तीसगढ़ तीव्र गति से विकास के पथ पर अग्रसर है।”
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने अल्प अवधि में ही मोदी की गारंटी के अधिकांश वादे पूरे किए हैं —
- धान खरीदी ₹3100 प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है।
- महतारी वंदन योजना के अंतर्गत लगभग 70 लाख महिलाओं को प्रति माह ₹1000 की राशि दी जा रही है।
- नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और 31 मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ को नक्सल मुक्त करने का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई उद्योग नीति को राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली है, जिसके अंतर्गत अब तक ₹7.5 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इसमें कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) एवं सेमीकंडक्टर उद्योगों की स्थापना का कार्य भी प्रारंभ हो चुका है। सरकार का उद्देश्य रोजगार सृजन को प्राथमिकता देना है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का विजन डॉक्यूमेंट–2047 समाज के सभी वर्गों की भागीदारी से विकसित छत्तीसगढ़ का खाका प्रस्तुत करता है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि कल्चुरी समाज ने अपने समय में तालाब, सड़क और सिंचाई परियोजनाएं बनवाकर विकास की मिसाल पेश की थी — वर्तमान सरकार भी उसी परंपरा को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नवा रायपुर में एक चौक का नाम भगवान सहस्रबाहु के नाम पर रखा गया है, जो समाज के लिए गौरव की बात है।
संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि “हमारी सनातन संस्कृति सामाजिक समरसता की प्रतीक है और हर समाज की आस्था का सम्मान करती है।” कार्यक्रम में कल्चुरी कलार समाज के मोहित जायसवाल ने स्वागत भाषण दिया।
महासम्मेलन से पूर्व मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मां महामाया मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना और आरती की तथा प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।मुख्यमंत्री की घोषणाओं से रतनपुर और आसपास के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं, सामाजिक संरचना और विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है।

