Satirical Cartoon : सोशल मीडिया पर कार्टून वार…! बीजेपी ने कांग्रेस से पूछा- इनकी प्रजाति ‘सांप’ है या ‘बिच्छू’…?

Satirical Cartoon : सोशल मीडिया पर कार्टून वार…! बीजेपी ने कांग्रेस से पूछा- इनकी प्रजाति ‘सांप’ है या ‘बिच्छू’…?

रायपुर, 09 सितंबर। Satirical Cartoon : छत्तीसगढ़ की राजनीति में सोशल मीडिया एक बार फिर रणभूमि बन गई है। इस बार बहस का केंद्र बना है एक राजनीतिक कार्टून, जिसे लेकर बीजेपी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस के छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट को लेकर बने इस व्यंग्यात्मक कार्टून में बीजेपी ने सीधे तौर पर उनकी ‘प्रजाति’ पर सवाल खड़ा किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) पर छत्तीसगढ़ बीजेपी ने एक कार्टून पोस्ट किया है, जिसमें दो नेताओं के बीच संवाद के रूप में यह सवाल उठाया गया है कि, ये जो छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी है, ये सांप है या बिच्छू? इस लाइन के साथ कार्टून में एक नेता दूसरे से पूछ रहा है, और नीचे सवाल लिखा है, इसकी प्रजाति क्या है?

कांग्रेस प्रभारी पर निशाना

बीजेपी का ये पोस्ट कांग्रेस के छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट के बयानों और हालिया गतिविधियों को लेकर कटाक्ष माना जा रहा है। सचिन पायलट कांग्रेस संगठन में अनुशासन और समन्वय को लेकर सख्त रुख अपना रहे हैं, जिससे पार्टी के कुछ नेताओं में असहजता देखी गई है।

कांग्रेस की प्रतिक्रिया?

अब तक इस पोस्ट पर कांग्रेस की तरफ से कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन पार्टी से जुड़े कुछ नेताओं ने निजी तौर पर इसे ‘निम्न स्तरीय राजनीति’ करार दिया है और कहा कि बीजेपी नकारात्मक प्रचार और व्यक्तिगत हमले करने में लगी हुई है।

सोशल मीडिया पर हलचल

बीजेपी की इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर मीम्स और प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई है। समर्थक इसे ‘सटीक कटाक्ष’ बता रहे हैं, तो विरोधी इसे ‘नीचता की हद’ बता रहे हैं। इस तरह छत्तीसगढ़ में राजनीतिक बहस अब डिजिटल मोर्चे पर और भी तीखी होती जा रही है।

चुनावी साल में सोशल मीडिया की आक्रामक रणनीति

छत्तीसगढ़ में 2028 में विधानसभा चुनाव हैं, लेकिन बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही दल अभी से सोशल मीडिया के जरिए एक-दूसरे पर हमलावर हैं। नेताओं के बयान, दौरे और पोस्ट से लेकर अब कार्टून और व्यंग्य भी राजनीतिक हथियार बन चुके हैं। बीजेपी की ओर से सोशल मीडिया पर किया गया यह व्यंग्यात्मक हमला, छत्तीसगढ़ की राजनीति में व्यक्तिगत कटाक्ष की नई मिसाल बन गया है। अब देखना होगा कि कांग्रेस इसका जवाब किस रूप में देती है।  
राज्य खबर