रायपुर, 25 अगस्त। Education Minister : छत्तीसगढ़ के नवनियुक्त शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने आज अपने पदभार ग्रहण से पहले राजधानी रायपुर के प्रसिद्ध दूधाधारी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। उन्होंने मंदिर में भगवान का आशीर्वाद लेकर नई जिम्मेदारी की शुरुआत की।
पहले भगवान के दर्शन, फिर कार्यभार
मंदिर में दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि, जो नई जिम्मेदारी मिली है, उसका कार्यभार आज से ग्रहण करने जा रहा हूं। मेरी इच्छा थी कि पहले दूधाधारी मंदिर में दर्शन करूं, फिर आगे बढ़ूं। उन्होंने आगे कहा, शिक्षा विभाग मूलभूत आवश्यकताओं में से एक है, जो हमारे छत्तीसगढ़ के भविष्य को तय करेगा। यह मेरे लिए एक बड़ी जिम्मेदारी है।
मंत्री गजेंद्र यादव की प्राथमिकताएं
बतौर शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के सामने सरकारी स्कूलों की गुणवत्ता सुधार, डिजिटल शिक्षा, शिक्षक भर्तियों में पारदर्शिता, और बेसिक इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने जैसी कई चुनौतियां होंगी। उनका यह कदम संकेत देता है कि वह अपनी भूमिका को लेकर गंभीर और आध्यात्मिक दृष्टिकोण से प्रेरित हैं।
दूधाधारी मंदिर रायपुर का एक ऐतिहासिक और आस्था का प्रमुख केंद्र है। राजनीति, प्रशासन और आम जनता सभी वर्गों के लोग यहाँ शुभ कार्यों की शुरुआत से पहले दर्शन के लिए पहुंचते हैं।

