CRPF Dog killed in bee attack
केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के बहादुर K9 डॉग ‘रोलो’ को उनकी अदम्य बहादुरी और कर्तव्यपरायणता के लिए मरणोपरांत DG कमेंडेशन डिस्क से सम्मानित किया गया है। रोलो ने नक्सल प्रभावित क्षेत्र केजीएच (Karregutta Hills) में चल रहे विशेष “ब्लैक फॉरेस्ट ऑपरेशन” के दौरान सुरक्षाबलों को विस्फोटक खोज (IED Detection) में महत्वपूर्ण सहयोग दिया था।

5 अप्रैल 2023 को DBTS में जन्मे रोलो को बचपन से ही गहन प्रशिक्षण दिया गया था। उसे इन्फैंट्री पेट्रोलिंग, विस्फोटक पहचान और हमले की रणनीतियों में दक्ष बनाया गया था। अप्रैल 2024 में उसे CRPF की 228वीं बटालियन के साथ नक्सल विरोधी ड्यूटी पर तैनात किया गया।
CRPF Dog killed in bee attack
केजीएच क्षेत्र में जब जवान गहन सर्च ऑपरेशन में लगे थे, तभी अचानक मधुमक्खियों के एक विशाल झुंड ने हमला कर दिया। रोलो को उसके हैंडलर ने पॉलिथीन शीट से ढककर बचाने की कोशिश की, लेकिन मधुमक्खियां अंदर घुस गईं और रोलो को करीब 200 बार डंक मारा।

तेज दर्द, जलन और बेचैनी के कारण रोलो सुरक्षा कवच से बाहर निकल आया और अधिक हमले का शिकार हो गया। जवानों ने तुरंत उसे प्राथमिक उपचार देकर मेडिकल इवैक्यूएशन के लिए रवाना किया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
CRPF Dog killed in bee attack
CRPF की 228वीं बटालियन ने रोलो को पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी। जवानों ने हथियार उल्टे कर उसे सलामी दी और भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। DG CRPF जीपी सिंह ने घोषणा की कि रोलो की बहादुरी और बलिदान के प्रतीक स्वरूप उसे मरणोपरांत DG Commendation Disc से नवाजा जाएगा। यह सम्मान उसके हैंडलर को औपचारिक रूप से सौंपा जाएगा।
रोलो का बलिदान यह दर्शाता है कि केवल मानव नहीं, बल्कि हमारे प्रशिक्षित सेवा पशु भी सुरक्षा बलों के लिए उतने ही समर्पित और बहादुर होते हैं। CRPF ने कहा कि रोलो की बहादुरी को कभी भुलाया नहीं जाएगा।

