Gangster Aman Sahu Encounter
रायपुर। झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर अमन साव को ढेर करने वाले एनकाउंटर स्पेशलिस्ट प्रमोद कुमार सिंह, जिन्हें पीके सिंह के नाम से जाना जाता है, झारखंड पुलिस में एंटी-टेररिज्म स्क्वाड (ATS) के डिप्टी सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (DSP) हैं। उन्होंने 2022 में धनबाद के बैंक मोड़ में मुथूट फाइनेंस में डकैती की कोशिश के दौरान अकेले दम पर अपराधियों का एनकाउंटर किया था। उनकी बहादुरी और तत्परता के लिए उन्हें कई बार सम्मानित किया जा चुका है।
अमन साव, जो झारखंड के विभिन्न जिलों में सक्रिय था, पर लगभग 50 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे। वह रायपुर के तेलीबांधा में एक कारोबारी पर गोली चलाने के मामले में रायपुर की जेल में बंद था। हाल ही में, झारखंड के हजारीबाग में NTPC अधिकारी की हत्या के मामले में उसकी संलिप्तता सामने आई थी, जिसके चलते रांची पुलिस उसे रायपुर से झारखंड ले जा रही थी।
Gangster Aman Sahu Encounter
इसी दौरान पलामू के चैनपुर के पास अमन साव के गैंग के सदस्यों ने पुलिस काफिले पर बम से हमला किया। हमले के दौरान, अमन साव ने मौके का फायदा उठाकर STF जवान से इंसास राइफल लूट ली और भागने लगा। पुलिस ने तुरंत पीछा किया, लेकिन इस दौरान अमन के साथियों ने फिर से पुलिस पर हमला किया। STF की जवाबी कार्रवाई में अमन साव मारा गया।
मुठभेड़ के दौरान हवलदार राकेश कुमार घायल हो गए, जिन्हें मेदिनीनगर के MMCH अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना के बाद ग्राउंड जीरो की तस्वीरें सामने आई हैं, जिसमें झारखंड पुलिस के एनकाउंटर स्पेशलिस्ट प्रमोद कुमार सिंह उर्फ पीके सिंह की भूमिका प्रमुख रही है। पीके सिंह वर्तमान में एटीएस में डीएसपी के पद पर कार्यरत हैं और उन्होंने पूर्व में भी कई एनकाउंटर ऑपरेशंस को सफलतापूर्वक अंजाम दिया है।
READ MORE – IGI Airport : दिल्ली एयरपोर्ट ने रचा इतिहास, लगातार सातवीं बार बना एशिया-प्रशांत का सर्वश्रेष्ठ एयरपोर्ट