Rekha Gupta became Delhi CM
नई दिल्ली। दिल्ली को 12 दिनों के इंतजार के बाद नया सीएम मिल गया है। बीजेपी की विधायक रेखा गुप्ता को एलजी विनय कुमार सक्सेना ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। सीएम के अलावा 6 और मंत्रियों ने शपथ ली। प्रवेश वर्मा जिनके सीएम बनने की संभावना सबसे ज्यादा थी उन्हें उपमुख्यमंत्री बनाया गया है। इसके साथ ही दिल्ली में 27 सालों के बाद भाजपा सत्ता में लौटी है।
रेखा गुप्ता ने गुरुवार को दिल्ली की सीएम के रूप में शपथ ले ली। इस दौरान रेखा गुप्ता भगवा साड़ी में नजर आईं। वह दिल्ली की चौथी महिला सीएम बन गई हैं। उनसे पहले आतिशी, शीला दीक्षित और सुषमा स्वराज दिल्ली की महिला सीएम रही हैं। रेखा गुप्ता शालीमार बाग से विधायक हैं। वे पहली बार विधायक बनीं और सीधे सीएम की कुर्सी पर पहुंच गई हैं। उन्होंने तीन बार की आम आदमी पार्टी विधायक रहीं बंदना कुमारी को बड़े अंतर से हराया है।

इन मंत्रियों ने भी ली शपथ
रेखा गुप्ता के बाद मंत्रिमंडल के अन्य सदस्यों को एलजी विनय कुमार सक्सेना पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। रेखा गुप्ता के बाद प्रवेश वर्मा ने दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मंत्री पद की शपथ ली। फिर आशीष सूद ने मंत्री पद की शपथ ली। इसके बाद मनजिंदर सिंह सिरसा ने मंत्री पद की शपथ ली। रविंदर सिंह इंद्राज ने भी मंत्री पद का शपथ ले लिया है। इसके बाद कपिल मिश्रा और पंकज सिंह ने शपथ ली। आज सुबह ही राजपत्र जारी कर इन सभी के नाम का ऐलान किया गया था। शपथ ग्रहण के बाद सभी के मंत्रालयों का फैसला किया जाएगा। बीजेपी ने अपने मंत्रिमंडल के ऐलान के साथ जातियों और समुदायों को साधने की कोशिश की है। इसमें जाट, पंजाबी और पूर्वांचल सभी का ख्याल रखा गया है।

रेखा बोलीं- मैं शीशमहल में नहीं रहूंगी
शपथ से पहले रेखा गुप्ता ने गुरुवार सुबह मीडिया से बातचीत में कहा, ‘यह बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। मुझ पर भरोसा जताने के लिए मैं PM मोदी और पार्टी हाईकमान का शुक्रिया अदा करती हूं। मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं दिल्ली की CM बनूंगी। मैं शीशमहल में नहीं रहूंगी।’
शपथ समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत तमाम केंद्रीय मंत्री, भाजपा और NDA शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और डिप्टी CM शामिल होंगे। इसके अलावा उद्योगपति, फिल्म स्टार, क्रिकेट खिलाड़ी, साधु-संत और राजनयिक भी आएंगे। दिल्ली के 12 से 16 हजार लोगों को भी बुलाया गया है।

