Congress Party Meeting 2025
नई दिल्ली। कांग्रेस मुख्यालय में हुई इस अहम बैठक में पार्टी के संगठनात्मक सुधार और आगामी रणनीतियों पर चर्चा की गई। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। बता दें कि इस बैठक को कांग्रेस के संगठन को पुनर्गठित करने और राज्यों में पार्टी को मजबूत करने के प्रयासों का हिस्सा माना जा रहा है।
बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पार्टी नेताओं को दो टूक संदेश देते हुए कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए उन लोगों को आगे बढ़ाना होगा जो पार्टी की विचारधारा के प्रति पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि कई बार पार्टी जल्दबाजी में नए लोगों को शामिल कर लेती है, लेकिन जब मुश्किल हालात आते हैं, तो विचारधारा में कमजोर लोग साथ छोड़कर भाग जाते हैं। उन्होंने चेताया कि “असल फिसल पड़े और नकल चल पड़े” वाली स्थिति से बचना जरूरी है।
Congress Party Meeting 2025
जवाबदेही और संगठन की मजबूती पर जोर
खरगे ने कहा कि पार्टी के महासचिवों और राज्य प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों की संगठनात्मक स्थिति और भविष्य के चुनावी परिणामों की पूरी जवाबदेही लेनी होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस सिर्फ चुनावी राजनीति तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका एक बड़ा लक्ष्य संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करना भी है।
‘संविधान बचाओ अभियान’ पर फोकस
उन्होंने पार्टी नेताओं को ‘संविधान बचाओ अभियान’ को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का निर्देश दिया। यह अभियान अगले एक साल तक चलेगा, जिसके तहत देशभर में पदयात्रा और संवाद जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। खरगे ने जोर देकर कहा कि ऐसे हर कार्यक्रम का मूल उद्देश्य संगठन को मजबूत करना होना चाहिए, न कि सिर्फ दिखावे की राजनीति।
सूत्रों के मुताबिक इस बैठक को कांग्रेस के आगामी दिशा-निर्देश तय करने की एक अहम कड़ी माना जा रहा है, जहां संगठन में अनुशासन, विचारधारा की स्पष्टता और जवाबदेही को प्राथमिकता दी गई।

