New Delhi railway station Stampede
नई दिल्ली। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात बड़ा हादसा हुआ। महाकुंभ जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ के कारण भगदड़ मच गई, जिसमें 17 लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 से ज्यादा लोग घायल हैं। इनमें कुछ की हालत गंभीर है। वहीं मृतकों में तीन बच्चे भी शामिल हैं।

लोक नायक जय प्रकाश अस्पताल (LNJP) ने 17 लोगों की मौत की पुष्टि की है। वहीं मामले की जांच के लिए उच्चस्तरीय जांच टीम का गठन किया गया है। दूसरी तरफ से घटनास्थल पर रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सतीश कुमार, आरपीएफ के महानिदेशक समेत कई अधिकारी पहुंचे।
दिखावे की सीसीटीवी मॉनिटरिंग, भीड़ पर नहीं रही नजर
वैसे तो नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर 24 घंटे सीसीटीवी कैमरों से मॉनिटरिंग की जाती है। हर प्लेटफॉर्म की लाइव फीड डीआरएम ऑफिस में देखी जाती है, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन बढ़ती भीड़ को समय रहते नहीं संभाल सका। वहीं, रेलवे ने लगातार जनरल टिकट जारी किए, जिससे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ बेकाबू हो गई। अगर समय रहते भीड़ प्रबंधन किया जाता, तो शायद इस भयावह हादसे को रोका जा सकता था।

New Delhi railway station Stampede
रेलवे की चुप्पी से बढ़ा भ्रम, ट्रेन रद्द या स्पेशल चलाई गईं?
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन हादसे को लेकर रेलवे की अस्पष्ट जानकारी से यात्रियों में भ्रम की स्थिति बनी रही। बताया जा रहा है कि प्रयागराज जाने वाली दो ट्रेनों को रद्द कर दिया गया था, जिससे भीड़ अचानक अनियंत्रित हो गई। हालांकि, रेलवे प्रशासन ट्रेन रद्द करने की बात से इनकार कर रहा है।

उनकी ओर से दावा किया जा रहा है कि चार स्पेशल ट्रेनें चलाई गईं, ताकि यात्रियों को कोई दिक्कत न हो। घटना के बाद देर रात तक रेलवे की कोई आधिकारिक सफाई नहीं आई, जिससे पीड़ितों के परिजनों और यात्रियों के बीच अफवाहें और असमंजस बना रहा। ऐसे में रेलवे को ऐसी स्थितियों में पारदर्शिता और त्वरित बनाये रखने के लिए जानकारी देने की जरूरत है।

New Delhi railway station Stampede
कैसे हुआ नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हादसा?
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात महाकुंभ जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ के कारण भगदड़ मच गई, जिसमें 17 लोगों की मौत हो गई और कई यात्री घायल हो गए। हादसे की मुख्य वजहें इस प्रकार हैं:
1. प्लेटफॉर्म बदलने की घोषणा से मची भगदड़
- ट्रेन को प्लेटफॉर्म 12 से 16 पर शिफ्ट कर दिया गया।
- बड़ी संख्या में यात्री फुटओवर ब्रिज की ओर दौड़ पड़े।
- अचानक भीड़ बढ़ने से लोग एक-दूसरे पर गिरने लगे, जिससे भगदड़ मच गई।

2. ट्रेनें लेट और रद्द होने से बढ़ी भीड़
- बताया जा रहा है कि प्रयागराज जाने वाली दो ट्रेनें रद्द कर दी गई थीं।
- हजारों यात्री प्लेटफॉर्म पर ट्रेन का इंतजार कर रहे थे।
- रेलवे ने इसकी पुष्टि नहीं की, बल्कि चार स्पेशल ट्रेनें चलाने का दावा किया।
3. सुरक्षा और मॉनिटरिंग में लापरवाही
- रेलवे स्टेशन पर सीसीटीवी से 24 घंटे निगरानी होती है, फिर भी भीड़ को संभालने के उपाय नहीं किए गए।
- जनरल टिकटों की लगातार बिक्री के कारण स्टेशन पर अनियंत्रित भीड़ बढ़ती गई।
- रेलवे पुलिस और आरपीएफ समय रहते भीड़ को नियंत्रित नहीं कर पाई।
4. राहत और बचाव कार्य
- घायलों को लोकनायक जय प्रकाश नारायण अस्पताल में भर्ती कराया गया।
- आरपीएफ और एनडीआरएफ की टीम ने स्थिति को नियंत्रित किया।
- हादसे के बाद भीड़ को संभालने के लिए रेलवे ने स्पेशल ट्रेन चलाई।

New Delhi railway station Stampede
प्रधानमंत्री मोदी समेत नेताओं ने जताया शोक, घायलों का इलाज जारी
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ में 17 लोगों की मौत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और दिल्ली के एलजी वीके सक्सेना ने गहरा शोक व्यक्त किया है।

