Chhattisgarh News
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर शहर में जल्द ही बड़ा बदलाव होने वाला है। सूत्रों के मुताबिक अगले साल से रायपुर शहर के घरों में पाइपलाइन के जरिए प्राकृतिक गैस यानि कि कुकिंग गैस की सप्लाई की जाएगी। साथ में एक मीटर लगा होगा, जितनी गैस उपयोग होगी उतने का पैसा देना होगा। यह गैस एलपीजी से सस्ती होगी। बता दें कि गेल इंडिया लिमिटेड और रायपुर नगर निगम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। जल्द ही पाइपलाइन बिछाने का काम पूरा हो जाएगा।
शुरुआत में 1 लाख घरों को पाइपलाइन के जरिए सीएनजी गैस मिलेगी। इससे शहरवासियों को घरों में खाना बनाने के लिए स्वच्छ ईंधन मिलेगा। इस प्रोजेक्ट से न सिर्फ प्रदूषण कम होगा बल्कि लोगों को कई फायदे भी होंगे। इस प्रोजेक्ट को रायपुर में 2025 में शुरू कर दिया जाएगा और आने वाले कुछ ही महीनों में लोगों को घरों में इस गैस का कनेक्शन भी मिलेगा। इसके साथ ही रायपुर में सीएनजी स्टेशन भी बनाए जाएंगे, जिससे वाहनों के लिए ईंधन मिलेगा।
जानिए CNG के फायदे
- सीएनजी, एलपीजी से लगभग 25 से 30% तक सस्ता होता है।
- यह नेचुरल गैस होती है, हवा से भी हल्की होने के कारण लीकेज होने पर भी वातावरण में आसानी से घुल जाती है।
- इस्तेमाल करते समय 99% गैस जल जाती है, इसलिए प्रदूषण नहीं होता है।
- पाइपलाइन से सप्लाई होने के कारण असमय खत्म होने की टेंशन नहीं होती।
- पाइपलाइन बिछाते समय घर के बाहर एक मीटर लगा दिया जाता है, इससे खपत देखकर उपभोक्ता खुद ही पेमेंट देता है।