NIA RAIDS IN NARAYANPUR
नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में भाजपा नेता रतन दुबे की हत्या मामले में NIA की टीम ने जिले के कौशलनार गांव में छापा मारा है। जहां पूछताछ के लिए कुछ ग्रामीणों को हिरासत में भी लिया गया है। हालांकि आधिकारिक तौर पर छापा पड़ने की पुष्टि नहीं हुई है। इससे पहले NIA ने 4 लोगों को गिरफ्तार किया था।
बता दें कि विधानसभा चुनाव से ठीक 3 दिन पहले BJP के नारायणपुर जिला उपाध्यक्ष और जनपद पंचायत सदस्य रतन दुबे चुनाव प्रभार के लिए गांव गए थे। बाजार में वे नुक्कड़ सभा को संबोधित कर रहे थे। इसी बीच नक्सलियों ने पीछे से आकर उन पर हमला कर दिया था, जिससे BJP नेता की मौत हो गई थी।
NIA RAIDS IN NARAYANPUR
रतन दुबे पर किए गए हमले का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। जिसके बाद नक्सलियों की पूर्व बस्तर डिवीजन कमेटी ने बीजेपी नेता के हत्या की जिम्मेदारी ली थी। फिलहाल मामले की जांच NIA कर रही है।
6 दिन पहले भी NIA ने कांकेर में की थी छापेमारी
6 दिन पहले कांकेर जिले में NIA (राष्ट्रीय जांच एजेंसी) की टीम ने पत्रकार समेत 3 लोगों के घरों पर छापेमारी की थी। बताया जा रहा है कि NIA सुबह से बड़ी संख्या में फोर्स लेकर दबिश दी। तीनों के घरों में टीम दस्तावेज समेत अन्य सुराग खंगाले। मामला आमाबेड़ा थाना क्षेत्र के उसेली गांव का है।