रायपुर। Fire Breaking: राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र स्थित पोरवाल ऑयल फैक्ट्री में शनिवार को अचानक आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में सैंपल लेने के दौरान वाल्व ठीक से बंद नहीं होने के कारण गर्म पदार्थ बाहर बह गया। ऑक्सीजन के संपर्क में आने से सेल्फ इग्नीशन की प्रक्रिया शुरू हो गई, जिसके चलते आग भड़क उठी।
घटना के दौरान सैंपलिंग कर रहे एक कर्मचारी के हाथ में हल्की चोट आई है, जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। आग लगने के बाद फैक्ट्री परिसर में कुछ समय के लिए घने धुएं का गुबार छा गया, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
दमकल विभाग ने तत्परता दिखाते हुए आग पर नियंत्रण पा लिया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है कि तकनीकी चूक कहां और कैसे हुई।

