Site icon AB News.Press

CM Helpline1076 : हेल्पलाइन 1076 का कमाल…! 1 घंटे में दूर हुई बिजली समस्या…कोरबा निवासी ने की तारीफ

CM Helpline 1076: The magic of Helpline 1076! Power issue resolved within an hour... Korba resident praises the service.

CM Helpline 1076

कोरबा, 11 जून। CM Helpline1076 : मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 शुरू होने के बाद इसके सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं। कोरबा शहर के पंपहाउस क्षेत्र निवासी रामकुमार साहू की बिजली वोल्टेज (अप-डाउन) की समस्या का समाधान शिकायत दर्ज होने के महज एक घंटे के भीतर कर दिया गया। रामकुमार साहू ने बताया कि उनके क्षेत्र में लगातार विद्युत वोल्टेज में उतार-चढ़ाव की समस्या बनी हुई थी, जिससे घरेलू उपकरणों के खराब होने का खतरा बढ़ गया था और दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे थे। समस्या से परेशान होकर उन्होंने शाम करीब 4 बजे मोबाइल फोन के माध्यम से सीएम हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत मिलते ही हरकत में आया विभाग

शिकायत प्राप्त होते ही विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच के दौरान 100 केवीए क्षमता वाले डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफार्मर के न्यूट्रल में तकनीकी खराबी पाई गई। विभाग ने तत्काल मरम्मत कार्य शुरू किया और समस्या का समाधान कर दिया। शाम 5 बजकर 09 मिनट पर क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था पूरी तरह सामान्य हो गई।

अब सीधे शासन तक पहुंच रही आवाज

त्वरित कार्रवाई से संतुष्ट रामकुमार साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों के लिए बेहद उपयोगी पहल साबित हो रही है। उन्होंने बताया कि शिकायत दर्ज करते समय उनकी समस्या को गंभीरता से सुना गया और संबंधित विभाग ने तत्काल कार्रवाई कर समाधान सुनिश्चित किया। उन्होंने अन्य नागरिकों से भी अपील की कि वे अपनी समस्याओं और शिकायतों के समाधान के लिए सीएम हेल्पलाइन 1076 का अधिक से अधिक उपयोग करें।

शुभारंभ के बाद दिखने लगे परिणाम

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा 9 जून को सीएम हेल्पलाइन 1076 का शुभारंभ किया गया था। इसके शुरू होने के कुछ ही दिनों में आम नागरिकों की शिकायतों का त्वरित समाधान होने लगा है, जिससे लोगों का भरोसा इस नई व्यवस्था पर बढ़ रहा है।
Exit mobile version