जांजगीर-चांपा, 11 जून। CG News: जांजगीर जिले में हुए एक दर्दनाक मामले में बच्चे की मौत फूड पॉइजनिंग की वजह से हुई थी, लेकिन इसका कारण रात में खाया गया तरबूज नहीं पाया गया है। घटना के बाद लिए गए संबंधित तरबूज के सैंपल की जांच रिपोर्ट में किसी तरह की मिलावट की पुष्टि नहीं हुई है। इस रिपोर्ट के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों तक पहुंचने के बाद स्थिति स्पष्ट हुई है, हालांकि रायपुर से भेजे गए अन्य फ्रूट सैंपल की जांच रिपोर्ट अभी तक प्राप्त नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार, इस घटना में एक बच्चे की मौत के अलावा तीन अन्य लोग भी बीमार हुए थे। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया था कि सभी ने रात में बिरयानी और तरबूज का सेवन किया था, जिसके बाद तरबूज में मिलावट की आशंका जताई गई थी। इसी आधार पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने तरबूज का सैंपल लेकर जांच के लिए रायपुर प्रयोगशाला भेजा था।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी मोहित बेहरा ने बताया कि जांच रिपोर्ट में तरबूज में किसी भी प्रकार की मिलावट की पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बच्चे की मौत फूड पॉइजनिंग से हुई थी, लेकिन इसका कारण 8 से 10 घंटे पहले खाया गया कोई अन्य खाद्य पदार्थ भी हो सकता है, जिसकी जांच अभी जारी है।

