Site icon AB News.Press

Health Awareness : दूरस्थ अंचलों तक पहुंच रही स्वास्थ्य सेवाओं की दस्तक…, बरडीह पारा में स्वास्थ्य शिविर बना ग्रामीणों के लिए राहत का केंद्र

Health Awareness: Healthcare services reaching remote areas... Health camp in Bardih Para becomes a source of relief for villagers.

Health Awareness

रायपुर ,10  जून। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश के दूरस्थ, वनांचल और पहुंचविहीन क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के प्रयास लगातार तेज हो रहे हैं। इसी कड़ी में बलरामपुर जिले के कुसमी विकासखंड अंतर्गत दुर्गम ग्राम पंचायत बरडीह के बरडीह पारा में आयोजित विशेष स्वास्थ्य शिविर ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत लेकर आया। इस पहल के माध्यम से ग्रामीणों को उनके गांव में ही स्वास्थ्य परीक्षण, उपचार और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श उपलब्ध कराया गया।

गांव तक पहुंची स्वास्थ्य सेवाएं

स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित इस विशेष शिविर में ग्रामीणों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यकता अनुसार दवाइयों का वितरण भी किया गया। दूरस्थ क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचने में होने वाली कठिनाइयों को देखते हुए यह शिविर उनके लिए बेहद लाभकारी साबित हुआ। ग्रामीणों ने बताया कि पहले इलाज के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी, लेकिन अब स्वास्थ्य विभाग की टीम सीधे गांव तक पहुंच रही है, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत हो रही है।

मौसमी बीमारियों से बचाव की दी जानकारी

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने ग्रामीणों को वर्षा ऋतु में फैलने वाली बीमारियों जैसे मलेरिया, डायरिया और अन्य संक्रमणों से बचाव के उपायों की जानकारी दी।इसके साथ ही स्वच्छता बनाए रखने, सुरक्षित पेयजल का उपयोग करने और मच्छरों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां अपनाने का संदेश भी दिया गया।

सर्पदंश के प्रति जागरूकता बनी विशेष पहल

शिविर का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा सर्पदंश जागरूकता अभियान रहा। स्वास्थ्य कर्मियों ने ग्रामीणों को बताया कि सांप के काटने की स्थिति में झाड़-फूंक और अंधविश्वास का सहारा लेने के बजाय तत्काल अस्पताल पहुंचना ही जीवन बचाने का सबसे प्रभावी तरीका है।

ग्रामीणों को यह भी जानकारी दी गई कि जिले के स्वास्थ्य केंद्रों में सर्पदंश के उपचार के लिए पर्याप्त मात्रा में एंटी-वेनम उपलब्ध है और समय पर इलाज मिलने से गंभीर जटिलताओं तथा मृत्यु के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

जागरूकता के माध्यम से स्वस्थ समाज की ओर कदम

यह स्वास्थ्य शिविर केवल उपचार तक सीमित नहीं रहा, बल्कि ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाने और सुरक्षित जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित किया गया। स्वास्थ्य विभाग की यह पहल दूरस्थ क्षेत्रों में जनस्वास्थ्य को मजबूत बनाने और स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रही है।

शासन की मंशा को मिल रहा जमीनी स्वरूप

दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों में आयोजित ऐसे स्वास्थ्य शिविर यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। बरडीह पारा का यह शिविर स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने के साथ-साथ ग्रामीणों में भरोसा और जागरूकता भी बढ़ा रहा है।

Exit mobile version