बालोद, 09 जून। बालोद थाना क्षेत्र में इंस्टाग्राम से शुरू हुए एक प्रेम प्रसंग का बेहद दर्दनाक अंत सामने आया है। शादी के महज 45 दिन बाद एक नवविवाहिता अपने शादीशुदा प्रेमी के साथ ससुराल से फरार हो गई। लेकिन कुछ ही घंटों बाद यह प्रेम कहानी एक बड़े हादसे में बदल गई, जिसमें प्रेमी की ट्रेन से कटकर मौत हो गई, जबकि युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।
पुलिस के अनुसार, कांकेर जिले के कोरतरा गांव निवासी मोनिका खरे की शादी 22 अप्रैल को बालोद जिले के परसोद गांव निवासी टीकम कुमार खरे से हुई थी। शादी के बावजूद मोनिका का संपर्क उसके पुराने प्रेमी मिथलेश ठाकुर से बना हुआ था। मिथलेश डौंडीलोहारा के भीमपुरी गांव का निवासी था और पहले से शादीशुदा होने के साथ एक बेटी का पिता भी था। दोनों के बीच पिछले ढाई वर्षों से इंस्टाग्राम के माध्यम से प्रेम संबंध चल रहा था।
वही 6 जून की रात करीब 1 बजे मिथलेश बाइक लेकर मोनिका के ससुराल पहुंचा। मोनिका बिना किसी को बताए उसके साथ निकल गई। दोनों लगभग 20 किलोमीटर दूर दैहान रेलवे अंडरब्रिज के पास पहुंचे, जहां शादी और साथ रहने को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि मिथलेश लगातार मोनिका पर शादी करने का दबाव बना रहा था, जबकि मोनिका इसके लिए तैयार नहीं थी।
विवाद बढ़ने पर मिथलेश रेलवे ट्रैक पर जाकर बैठ गया। इसी दौरान ट्रेन आती देख मोनिका उसे हटाने का प्रयास करने लगी, लेकिन वह नहीं माना। देखते ही देखते दोनों ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में मिथलेश के सिर पर गंभीर चोट लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मोनिका गंभीर रूप से घायल हो गई।
घायल अवस्था में मोनिका ने डायल-112 पर फोन कर पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक वह बेहोश हो चुकी थी। पुलिस ने उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से बेहतर उपचार के लिए राजनांदगांव के एक निजी अस्पताल रेफर किया गया। वर्तमान में उसका इलाज जारी है।
उधर, रात करीब 2:30 बजे जब पति टीकम कुमार की नींद खुली तो पत्नी घर पर नहीं मिली। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। सुबह करीब 3 बजे मोनिका ने फोन पर हादसे की जानकारी दी। प्रारंभिक तलाश लाटाबोड़ स्टेशन के आसपास की गई, लेकिन बाद में पुलिस से सही लोकेशन मिलने पर घटना का खुलासा हुआ।
बालोद थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

