Site icon AB News.Press

जगदलपुर केंद्रीय जेल में कैदी की मौत…10 दिनों में तीसरी घटना से उठे सवाल

An inmate lodged in the Jagdalpur Central Jail has died during treatment. The deceased, identified as 60-year-old Sudu Kashyap, a resident of Karrekot Nayapara in Bastar district, was accused in a rape case and had been

Jagdalpur Central Jail

जगदलपुर, 09 जून। जगदलपुर केंद्रीय जेल में बंद एक कैदी की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान बस्तर जिले के कर्रेकोट नयापारा निवासी 60 वर्षीय सुदु कश्यप के रूप में हुई है, जो दुष्कर्म के एक मामले में आरोपी था और 28 अक्टूबर 2025 से केंद्रीय जेल में निरुद्ध था। बताया जा रहा है कि अचानक तबीयत बिगड़ने और ब्लड प्रेशर बढ़ने के बाद उसे डिमरापाल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार 6 जून की रात सुदु कश्यप की तबीयत अचानक खराब हो गई थी। जेल प्रशासन ने उसे रात करीब 11:40 बजे डिमरापाल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी था, लेकिन हालत में सुधार नहीं होने पर 7 जून की शाम करीब 7:45 बजे उसने दम तोड़ दिया।

इस घटना के बाद केंद्रीय जेल की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े होने लगे हैं। पिछले करीब 10 दिनों के भीतर जेल में बंद तीन कैदियों की मौत हो चुकी है, जिससे जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

इस मामले में कांग्रेस ने जेल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि लगातार हो रही मौतें जेल प्रबंधन की संवेदनहीनता और प्रशासनिक विफलता को उजागर करती हैं। पार्टी ने सवाल उठाया है कि बीमार कैदियों को समय पर समुचित इलाज क्यों नहीं मिल पा रहा है और जेल के भीतर सुरक्षा व्यवस्था कितनी प्रभावी है।

कांग्रेस ने 10 दिनों के भीतर हुई तीनों मौतों की न्यायिक जांच हाईकोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में कराने की मांग की है। साथ ही दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों पर आपराधिक प्रकरण दर्ज कर उन्हें निलंबित करने, मृतक कैदियों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये मुआवजा देने तथा जेल की स्वास्थ्य एवं सुरक्षा व्यवस्था में तत्काल सुधार करने की मांग भी की है।

पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन किया जाएगा। वहीं, प्रशासन की ओर से मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई की बात कही जा रही है|

 

Exit mobile version